उरई। मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन अभियान के तहत महिला शक्ति मोबाइल टीम व समाज कल्याण की टीम द्वारा डकोर क्षेत्र के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय करमेर में छात्राओं व महिलाओं को महिला सुरक्षा हेतु जागरूक किया गया व कोरोना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
जानकारी देते हुए महिला शक्ति टीम प्रभारी रानी गुप्ता ने कहा कि शासन द्वारा इस समय मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसमें महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 1098, 112, 108, 1076 नंबरों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी समय कहीं भी किसी प्रकार की कोई समस्या या परेशानी सामने आए तो मजबूत आत्मबल के साथ इन हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें और इन पर अपनी आनलाइन शिकायत जरूर दर्ज कराएं ताकि समस्या को जड़ से समाप्त किया जा सके। ग्रामीण महिलाओं को इतनी भारी मात्रा में देख महिला शक्ति टीम प्रभारी रानी गुप्ता ने कहा कि निश्चित तौर पर महिलाएं अब पुरुषों के बराबर खड़ी हो गई हैं और शिक्षित भी हो गई हैं। उन्होंने महिलाओं से कहा कि अपनी पुत्रियों को भी अच्छी शिक्षा दें। साथ ही साथ अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए उनको प्रोत्साहित भी करती रहें। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि अब उत्पीडऩ किसी भी दशा में न सहें और खुलकर उसका विरोध करें। जरूरत पडऩे पर पुलिस की सहायता लें। साथ ही शिक्षित व स्वावलंबी बनकर आगे बढ़ें।