कोंच-उरई। शुक्रवार 13 नवंबर की देर शाम बजरिया इलाके में एक नाबालिग किशोरी के साथ हुये दुष्कर्म के मामले को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिशें दी जा रहीं हैं। हालांकि अपुष्ट जानकारी में बताया गया है कि एक आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ भी गया है लेकिन फिलहाल पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है, अलबत्ता उसने एकाध दिन में ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का दावा जरूर किया है।
13 नवंबर को जब दोज का त्योहार था, बजरिया इलाके में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुये चार हैवानों ने एक नाबालिग किशोरी को अंधेरे में उठा लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला था। घटना में दो नामजद सहित चार युवकों को आरोपी बनाया गया है जिन पर बलात्कार की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट भी आयद किया गया है। फरार आरोपियों को पकड़ना पुलिस के लिये बाकई चुनौती भरा काम है लेकिन उसकी कई टीमें अलग अलग थीम पर काम कर रहीं हैं। अब तक कई स्थानों पर दबिशें भी दी जा चुकी हैं लेकिन सार्थक परिणाम अभी दूर की कौड़ी ही बने हैं। यद्यपि सूत्र बताते हैं कि एक नामजद आरोपी तक पुलिस के लंबे हाथ पहुंच भी गये हैं और उसे उठा लिया गया है लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है, हां उसने इतना जरूर कहा है कि उनकी तलाश सही दिशा में जा रही है और एकाध दिन में सार्थक परिणाम सामने होंगे।

Leave a comment