कोंच-उरई। दीपावली पर लक्ष्मीजी के मानस पुत्रों ने अपना खूब कमाल दिखाया, त्योहार मनाने गांव गये एक व्यक्ति के कोंच स्थित किराये के मकान में चोरों ने खूब धमाचैकड़ी की और जो मिला उस पर हाथ साफ कर डाला, जबकि दूसरे घर के ताले चटकाने की नाकाम कोशिश की। चोरों और जुआरियों को लक्ष्मी का मानस पुत्र कहा गया है। त्योहार दीपावली और लक्ष्मी पूजन का हो और उनके ये मानस पुत्र धमाल न करें, ऐसा कैसे हो सकता है। कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम फुलैला निवासी बाबूराम यहां रामकुंड कॉलोनी में लालजी पुत्र चोखेलाल के मकान में किराये से रहते हैं। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर बाबूराम किराये के घर में ताला डाल कर परिवार सहित 10 नवंबर को गांव चले गये थे। आज जब वे वापिस आये तो देखा कि ताला टूटा पड़ा है और घर के कमरे में सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा है। उन्होंने छानबीन की तो पता चला कि गैस सिलिंडर और अलमारी में रखे 25 हजार रूपये पर अज्ञात चोर हाथ साफ कर गये थे। उन्होंने मामले की तहरीर कोतवाली में दे दी है, कोतवाल रूद्रकुमार सिंह ने खुद मौके पर जाकर स्थिति देखी। इसी मकान में नीचे किराये से रह रहे अध्यापक राकेश निरंजन निवासी ग्राम नरी भी अपने घर गये थे और चोरों उनके भी घर की कुंडी तोडने की असफल कोशिश की है।

Leave a comment