26orai04

एसएसबी संभालेगी मोर्चा
हर गांव से 15 तक लोग किये गये पाबंद
उरई। ग्राम पंचायत चुनाव को जिला और क्षेत्र पंचायत चुनाव से दस गुना ज्यादा टफ बताते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी रामगणेश ने बताया कि इसीलिये सीमा सुरक्षा बल को इसमें सुरक्षा के लिये उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि एसएसबी की एक कंपनी जिले को मुहैया करायी गयी है। जिसे मतदान के दिन रिजर्व में एलर्ट मोड पर रखा जायेगा। जहां से भी किसी बड़ी गड़बड़ी की जानकारी मिलती है। एसएसबी को वहां के लिये मूव करने का निर्देश दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि एसएसबी को स्थिति से निपटने के लिये गोली चलाने तक का अधिकार होगा।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक एन कोलांची के साथ पत्रकार वार्ता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के लिये प्रशासन द्वारा कड़ी एहतियाती व्यवस्थायें की गयी हैं। प्रत्येक गांव में 5 से लेकर 15 तक अवांछनीय तत्व छांटे गये हैं। जिन्हें 5-5 लाख रुपये के बंध पत्र से प्रतिबंधित करने के साथ-साथ रेड कार्ड भी जारी किये गये हैं। इन लोगों को ताकीद की गयी है कि यह लोग अपने मत का प्रयोग करने के बाद मतदान के पूरे समय सुरक्षा कर्मियों के साथ उपस्थित रहें ताकि उनके द्वारा किसी तरह की गड़बड़ी का अंदेशा न रह सके। इसके अलावा 45 अवांछनीय तत्वों को जिला बदर कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रामपुरा ब्लाक के पतराही और जालौन ब्लाक के माडऱी में प्रधानों का निर्वाचन निर्विरोध हो गया है। प्रथम चरण में रामपुरा, माधौगढ़ व कुठौंद की 168 ग्राम पंचायतों में 28 नवम्बर को मतदान कराया जायेगा। जिसके लिये 305 मतदान केन्द्र और 478 बूथ बनाये गये हैं। इनमें से रामपुरा में 67180, माधौगढ़ में 92162 और कुठौंद में 106458 मतदाता हैं। माधौगढ़ में 113 कुल मतदान केन्द्रों में 30 संवेदनशील, 29 अतिसंवेदनशील व 12 अतिसंवेदनशील प्लस घोषित किये गये हैं। रामपुरा में मतदान केन्द्रों की संख्या 82 है जिनमें 27 संवेदनशील, 35 को अति संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। कुठौंद में कुल मतदान केन्द्र 110 हैं। जिनमें संवेदनशील 31, अतिसंवेदनशील 20 व अतिसंवेदनशील प्लस 17 मतदान केन्द्र हैं।
उन्होंंने बताया कि कुठौंद ब्लाक के लिये विकास खण्ड मुख्यालय से 27 नवम्बर को प्रात: 8 बजे पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी और मतदान के उपरान्त 28 नवम्बर को सभी पार्टियां जनता सनातन धर्म इंटर कालेज कुठौंद में मतपेटियां जमा करायेंगे। माधौगढ़ की पोलिंग पार्टियों की रवानगी मण्डी समिति से होगी और बुन्देलखण्ड इंटर कालेज में इनकी मतपेटियां जमा की जायेंगी। रामपुरा की पोलिंग पार्टियों की रवानगी समर सिंह इंटर कालेज से की जायेगी और उनकी वापसी भी इसी इंटर कालेज में होगी। माधौगढ़ के लिये 178 पोलिंग पार्टियां बनायी गयी हैं। जिनमें पीठासीन अधिकारियों के अलावा 534 मतदान अधिकारी रहेंगे। 18 पोलिंग पार्टियां और इतने ही पीठासीन अधिकारी रिजर्व में रखे जायेंगे। 54 मतदान अधिकारी रिजर्व में रहेंगे। रामपुरा ब्लाक के लिये 124 पोलिंग पार्टियां गठित की गयी हैं। जिनमें पीठासीन अधिकारियों के नेतृत्व में 372 मतदान अधिकारी रहेंगे। 13 रिजर्व पोलिंग पार्टियां होंगी और 39 रिजर्व मतदान अधिकारी रहेंगे। कुठौंद के लिये 176 पोलिंग पार्टियां बनायी गयी हैं। जिनमें पीठासीन अधिकारियों के अलावा 528 मतदान अधिकारी होंगे। रिजर्व पोलिंग पार्टियां 18 रहेंगी और 36 रिजर्व मतदान अधिकारी होंगे।
बम्हौरी में विशेष सतर्कता
द्वितीय चरण में शामिल डकोर ब्लाक की बम्हौरी ग्राम पंचायत में महारथियों की नाक के टकराव की वजह से स्थिति को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत और चरखारी की विधायक के पति कप्तान सिंह राजपूत दोनों ही इसी गांव के निवासी हैं और दोनों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों से चुनाव में गड़बड़ी की आशंका प्रकट की है। इसलिये इस गांव में सर्वाधिक सतर्कता बरती जाने की बात डीएम ने कही है।

Leave a comment