27orai02

उरई। अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति को चिंताजनक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवरण के अनुसार कस्बा जालौन में मोहल्ला दलालनपुरवा निवासी राजकुमार (40 वर्ष) पुत्र भगवानदास शौच के लिये जाते समय सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन गुजरा जो उसे रौंदता हुआ निकल गया। सड़क पर उसे तडफ़ड़ाते देख राहगीरों की नजर पड़ी तो आसपास के लोग इकट्ठे हो गये। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग कर राजकुमार को टक्कर मार कर उसकी मृत्यु कारित करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक अन्य हादसे में पिरौना के पास झांसी की ओर से आ रही मारुति वैन ने विपरीत दिशा से आ रही हीरो होंडा बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे कालपी के अदलसराय बड़ा बाजार मुहल्ला निवासी गुड्डू (38 वर्ष) पुत्र मुन्ना बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गये। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने बाद में उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत चिंताजनक होने की वजह से उनको जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। उधर पुलिस ने दुर्घटना करने वाली मारुति वैन को पकड़कर थाने में खड़ा कर लिया है।

Leave a comment