कुंए में पड़ा मिला बालक का शव

जालौन-उरई। दो दिन पूर्व बुआ की शादी में सम्मिलित होने आए 6 वर्षीय बालक का शव गांव के बाहर कुंए में पड़ा मिला। शुक्रवार को बालक के पिता ने एक रिश्तेदार पर शक जताते हुए कोतवाली में दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट। वहीं, पीडि़त पिता की तहरीर पर पुलिस ने उक्त युवक को हिरासत में लेकर पूछतांछ प्रारंभ की।
गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसेंड़ा निवासी रामलाल अपनी बहिन श्रीमती विमला पत्नी प्रमोद कुमार निवासी सिहारी दाऊदपुर की पुत्री हेमा की शादी में सम्मिलित होने के लिए दो दिन पूर्व अपने 6 वर्षीय पुत्र लखपत के साथ ग्राम सिहारी दाऊदपुर आए थे। तभी रात्रि 10 बजे बारात आने तक उनका पुत्र वहीं शादी समारोह में उपस्थित रहा। उसके बाद वह लोग बारात के स्वागत आदि की तैयारी में व्यस्त हो गए। इसी बीच उनका पुत्र कहीं लापता हो गया। इसके बाद काफी खोजबीन के बाद भी उनके पुत्र का कहीं पता नहीं चला। अंत में थकहार कर पीडि़त पिता ने शुक्रवार को सायं थाना कालपी के ग्राम छोंक निवासी एक रिश्तेदार पर पुरानी रंजिश को लेकर पुत्र को गायब करने का शक जताते हुए स्थानीय कोतवाली में अभियोग पंजीकृत करा दिया।
अभियोग पंजीकृत होने के पश्चात् पुलिस ने पुत्र की खोजबीन का प्रयास शुरू किया। तभी शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दो दिन पूर्व शादी में से गायब हुए बालक का शव गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुंऐ में उतरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने गांववालों की मदद से बालक का शव कुंऐ से बाहर निकलवाया। इसके साथ ही उन्होंने बालक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
उधर, जैसे ही बालक का शव कुंऐ में मिलने की सूचना उसके परिजनों को मिली, तो उसके घर पर कोहराम मच गया। शादी की खुशिओं वाले घर में एकदम से मातम पसर गया। वहीं, बालक की मां बेसुध होकर बार-बार रो-बिलखकर अपने पुत्र को वापस लाने की गुहार सभी सगे संबंधियों से लगा रही थी। बालक की बुआ भी पहले बेटी की विदाई के गम और अब भतीजे की मौत पर भगवान को कोसते हुए बार-बार बेहोश होकर गिर रही थी। वहीं, देखने वाले सभी लोगों की आंखों से आंसू बहते नजर आ रहे थे।
वहीं, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सत्यदेव सिंह का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बालक भटककर कुंए में चला गया अथवा किसी ने रंजिशन बालक की हत्या कर उसके शव को कुंऐ में फेंक दिया है। बालक की मौत का स्पष्ट कारण तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल पुलिस ने पीडि़त पिता द्वारा जताए गए शक के आधार पर संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछतांछ प्रारंभ कर दी है। यदि कोई दोषी होगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

Leave a comment