
सूपा मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग को लेकर ईटा, पत्तर चले
हमले में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल
रामपुरा में लालटेन की रोशनी में हुआ मतदान
उरई।आज पंचायत चुनाव के पहले चरण में कुठौंद, रामपुरा व माधौगढ़ ब्लाक क्षेत्र की 168 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्यों के लिये मतदान संपन्न कराया गया देर शाम तक मिली जानकारी में तीनों ब्लाकों में औसतन 80 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। माधौगढ़ के सूपा ग्राम में फर्जी मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के बीच में ईटा, पत्थर चलने से आधा दर्जन ग्रामीण घायल हो गये बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामले को शांत कराया।
माधौगढ़ ब्लाक क्षेत्र के मप्र की सीमा से जुड़े ग्राम मिझौना, तजपुरा, नुनायचा, हरौली, कुरौंती, डिकौली, सुल्तानपुरा, अटागांव सहित लगभग प्रत्येक गांव में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। प्रात: से ही धूप न निकलने तथा सर्दी का मोसम होने के कारण मतदान प्रक्रिया धीमी रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मतदान प्रक्रिया में तेजी आती गयी। ग्राम पंचायत का चुनाव होने के चलते एक-एक वोट का महत्व होने से प्रत्याशी व उनके समर्थक गांव से हर मतदाता को घर से निकालकर मतदान केंद्र तक पहुंचाने में जुटे रहे। संवेदनशील ग्राम मिझौना, अटागांव, कुरौती आदि गांवों में उप जिलाधिकारी एसपी अग्रवाल, तहसीलदार बीके राय, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। इसी बीच ग्राम सूपा में फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों के समर्थकों में ईटा, पत्थर चलने से आधा दर्जन लोग घायल हो गये। मौसम खराब होने के चलते विद्युत कटौती के चलते मतदान कर्मियों को प्राइमरी पाठशाला रामपुरा में बने बूथ नंबर 73 पर पीठासीन अधिकारी संतोष चतुर्वेदी को प्रात: से ही लालटेन की रोशनी में मतदान कराने को विवश होना पड़ा था। यहां पर 546 वोटों में से 469 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुठौंद ब्लाक क्षेत्र में भी शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने की खबर है। देर शाम मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पोलिंग पार्टियां गांवों से रवाना हो गयी थी।






Leave a comment