
जालौन-उरई। नगरपालिका के सभासद अब अपने-अपने वार्डों में लगवाऐंगे पांच-पांच सोडियम लाइटें। उक्त प्रस्ताव पालिका की बोर्ड मीटिंग में सर्वसम्मति से पास हुआ। इसके अलावा पालिका की बोर्ड मीटिंग में पटल पर रखे गए 11 प्रस्तावों में एक प्रस्ताव को छोडकर अन्य सभी प्रस्ताव पास हुए। वहीं, सभासद शाकिर हसन वारिसी द्वारा विद्युत सामग्री की खरीद में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए दो प्रस्तावों को छोड़कर अन्य सभी प्रस्तावों पर विरोध दर्ज कराया गया।
नगर पालिका की बोर्ड मीटिंग चार माह बाद शनिवार को पालिका सभागार में संपन्न हुई। जिसमें नगर में शीतलहर से बचाव हेतु लकड़ी की आपूर्ति की स्वीकृति, सीवर सेक्शन मशीन की मरम्मत, पालिका में खराब पड़े पानी के टेंकर की मरम्मत व पालिका सीमान्तर्गत निर्माध कार्यों के आगणनों की स्वीकृति पर विचार आदि सहित कुल 11 प्रस्तावों को सदन के पटल पर रखा गया। उक्त प्रस्तावों में प्रमुख प्रस्ताव वार्ड सभासद की संस्तुति पर प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच सोडियम लाइट लगाया जाना रहा। जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं, उरई चौराहा से बालाजी मंदिर तक सड़क के किनारे अंडरग्राउंड केबिल, पोल लाइट स्थापित किए जाने का प्रस्ताव सभासदों द्वारा खारिज कर दिया गया। उधर, सभासद शाकिर हसन वारिसी ने घटिया निर्माण कराए जाने तथा विद्युत सामग्री में बड़े पैमाने पर धांधली किए जाने का आरोप लगाते हुए पटल पर रखे गए दो प्रस्तावों को छोड़कर अन्य सभी प्रस्तावों पर अपना विरोध दर्ज कराया। बोर्ड मीटिंग के दौरान अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक सुरेश यादव, एलआई चंदन यादव, लिपिक अनिल कुमार, सभासद रामदास यादव, सत्यनारायण वर्मा, राधेश्याम वर्मा, मानेवंद्र सिंह गुर्जर, श्रीमती रिहाना सिद्दीकी, इकबाल मंसूरी, शांति शर्मा, सरिता दोहरे, राजकुमार बरार, सुरेश श्रीवास आदि सभासद उपस्थित रहे। तो वहीं, बैठक के दौरान लगभग आधा दर्जन सभासद अनुपस्थित रहे।






Leave a comment