34 बकायेदारों पर मुकदमा, 83 के कनेक्शन काटे

कोंच-उरई। देर आये दुरुस्त आये वाली कहावत चरितार्थ करता विद्युत विभाग ने अब अपनी करोड़ों रुपए की बकाया पड़ी धनराशि को वसूल करने के लिए कानून का सहारा लेना शुरू कर दिया है। दो दिनों में विभाग ने 34 बकायेदारों के विरुद्ध कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है तो वहीं 83 कनेक्शन बकायेदारों के काटे हैं। विभाग 30 नवंबर को चंद्रकुआं पावर हाउस पर महाशिविर भी लगा रहा है। जिसमें बिलों का संशोधन तथा बकाया धनराशि उपभोक्ता जमा करा सकते हैं।
नगर के लगभग 75 प्रतिशत मीटर घरों के बाहर लग जाने के बाद भी विद्युत विभाग के हाथ निराशा ही लगी है। उसकी आमदनी जैसे पहले भी थी वैसी आज भी है। यही कारण है कि विभाग के अधीक्षण अभियंता नगर को प्रदेश का सबसे घाटे वाला उप खंड स्टेशन बताते हैं। उन्होंने स्वयं नगर में आकर चेङ्क्षकग अभियान की शुरूआत की थी। जिसके परिणाम अब सामने आने दिखाई देने लगे हैं। दो दिनों के अंदर ही अवर अभियंता अमित कुमार शर्मा ने 34 बड़े बकायेदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है तो 84 कनेक्शन विच्छेदित किये हैं। श्री शर्मा ने बताया कि जल्द ही सभी बकायेदारों की प्राथमिकी दर्ज होगी। अगर किसी उपभोक्ता को बिल में संशोधन कराना है तो वह 30 नवंबर को चंद्रकुआं पावर हाउस पर लगने वाले महाशिविर में संशोधन करा सकता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिस पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है उन पर 25 हजार से लेकर डेढ़ लाख तक बकाया है। विभागीय उप खंड अभियंता नरेंद्र प्रकाश कहते हैं कि वह जल्द ही बकायेदारों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

Leave a comment