उरई। उप आबकारी आयुक्त झांसी मंडल सलेख चंद्र ने मंगलवार को जिले में भ्रमण कर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री न होने पाये। चुनाव को देखते हुए सख्त निगरानी की जाये। जो भी व्यक्ति अवैध शराब की बिक्री करते पाया जाये उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाये। इसमें किसी के साथ रियायत नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही सीमा पर कड़ी चैकसी रखें ताकि किसी गैर प्रांत की शराब की खेप यहां न आने पाये। लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जाये।
मंगलवार को उप आबकारी आयुक्त अपनी टीम के साथ जनपद आये और आबकारी विभाग के कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक चलाये गये अभियान की जानकारी मांगी। जिला आबकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार सोनकर ने आबकारी टीमों द्वारा डाले गये छापे और कार्रवाई के बारे में अवगत कराया। साथ ही यह बताया कि चुनाव के मद्देनजर कड़ी निगरानी के लिए टीमें गठित कर कार्रवाई प्रारंभ की जा चुकी है। अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए लगातार अभियान चल रहा है। निर्देशानुसार मतदान दिवस के अड़तालीस घंटे पहले मतदान वाले क्षेत्रों की दुकानें सील करवा दी जाती हैं। विभाग किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरत रहा है। टीमों के अलावा वह खुद भी गांवों में जाकर निरीक्षण कर रहे हैं। उप आबकारी आयुक्त ने कहा कि सीमा पर विशेष तौर पर ध्यान देने की जरूरत है। जब तक चुनाव समाप्त नहीं हो जाता पूरी निगरानी रखें। किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इस मौके पर आबकारी निरीक्षक जेएन सिंह, आबकारी निरीक्षक कमलेश्वर कश्यप उपस्थित रहे।







Leave a comment