दूसरे चरण में भारी मतदान, सुढार-सालाबाद में बना युद्ध का मैदान

0 ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद सीनियर पुलिस अधिकारी भारी फोर्स लेकर गांव पहुंचे
उरई। ग्राम पंचायत चुनाव के लिए मतदान के दूसरे चरण में मंगलवार को जालौन और डकोर विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में चुनाव कराया गया। दोनों ही ब्लाॅकों में भारी मतदान की खबर है। प्रारंभिक समाचारों के अनुसार जिले में आज औसत मतदान 77.03 प्रतिशत हुआ। जालौन ब्लाॅक में सबसे अधिक 78.49 प्रतिशत मतदाताओं ने मत प्रयोग किया। जबकि डकोर विकास खंड में मतदान का प्रतिशत 75.57 रहा। दूसरे चरण के मतदान में जालौन ब्लाॅक में जमकर हिंसा हुई। सुढ़ार-सालाबाद ग्राम पंचायत में दो उम्मीदवारों के समर्थकों में आपस में हुई फायरिंग से चुनाव युद्ध के मैदान में बदल गया। नगरा-नगरी में लोगों ने गड़बड़ी करने की अफवाह की वजह से पीठासीन अधिकारी की पिटाई कर दी। जबकि डकोर विकास खंड में भी ग्राम पंचायत चुनाव विवाद से अछूता नही रहा। इस विकास खंड की हरदोई गूजर ग्राम पंचायत में तीन वार्डों का चुनाव गलत बैलेट पेपर बांट दिये जाने की वजह से रदद कर दिया गया है।
जालौन विकास ख्ंाड के सुढ़ार-सालाबाद गांव में पुलिस की ढिलाई की वजह से प्रधान पद की प्रत्याशियों जमुना देवी और शीला देवी के समर्थकों में गोलियां चलने के कारण दहशत फैल गई। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों ने लगभग 50 चक्र गोलियां चलाई। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में भगदड़ मच गई और आम लोग भागकर अपने घरों में जा दुबके। ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि दो दिन पहले ही पुलिस अधीक्षक को यहां हिंसक टकराव की जानकारी दे दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस प्रभावी एतिहाती उपाय नही कर सकी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची सहित सारे पुलिस अफसर भारी फोर्स के साथ सुढ़ार-सालाबाद की ओर दौड़ पड़े हैं।
उधर जालौन संवाददाता के अनुसार ब्लाॅक क्षेत्र की 61 ग्राम पंचायतों की 167 बूथों पर हुए मतदान के बाद 487 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। उधर डकोर ब्लाॅक में बम्हौरी ग्राम पंचायत सहित सभी संवेदनशील पंचायतों में मतदान कमोवेश शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया।

Leave a comment