अर्द्ध सैनिक बलों के साथ पुलिस ने रौंदी गांवों की गलियां

0 अति संवेदनशील ग्रामों में प्रशासन ने फ्लैग मार्च करके अराजक तत्वों में भरी हवा
कोंच-उरई। खूनी होते जा रहे प्रधानी के चुनावों पर प्रशासन ने गंभीर रूख अख्तियार कर लिया है, मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने की चुनाव आयोग की मंशा को पूरा कराने के लिये सन्नद्ध स्थानीय कोतवाली पुलिस ने बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के आधा दर्जन अति संवेदनशील गांवों में फ्लैग मार्च कर अराजक तत्वों की हवा शंट करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रख छोड़ी। जब अर्द्ध सैनिक बलों के साथ स्थानीय पुलिस के बूटों की थाप गांवों की गलियों में गूंजी तो ग्रामीण स्तब्ध रह गये, खासतौर पर अराजक तत्वों के हौसले पस्त दिखाई दिये। कोतवाल रूद्रकुमार सिंह ने सभी गांवों में ग्रामीणों को बुला कर समझाया कि बिना किसी भय के अपना वोट डालें और यदि किसी ने मतदान प्रभावित करने का प्रयास किया तो प्रशासन उसके साथ पूरी सख्ती के साथ निपटेगा।
आगामी 5 दिसंबर को तीसरे चरण के होने बाले मतदान से पूर्व प्रशासन जरूरी होमवर्क निपटाने में लगा है, प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है कि कहीं से भी टुन्न फुस्स की शिकायत न मिले और गुंडे मवाली मतदाताओं के वोट पर बलात् कब्जा न करने पायें। कोतवाली पुलिस ने आज कोतवाल रूद्रकुमार सिंह के नेतृत्व में अद्र्घ सैनिक बलों के साथ कोतवाली क्षेत्र के आधा दर्जन अति संवेदनशील गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। बुधवार को ग्राम तीतरा खलीलपुर, अंडा, बसोब, चांदनी सहित आधा दर्जन गांवों की गलियों में बूटों की भारी थाप से लोग चैकन्ना हो गये। कोतवाल ने ग्रामीणों को भयमुक्त मतदान करने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने दारू, मुर्गा, उपहार या अन्य प्रलोभन देकर वोट खरीदने को गैर कानूनी करार देते हुये कहा कि यदि इस तरह की शिकायतें उन्हें मिलीं तो कानून कड़ाई के साथ अपना काम करेगा और ऐसे प्रत्याशियों का चुनाव रद भी किया जायेगा।

Leave a comment