आकाशीय बिजली से फुंके विद्युत उपकरण, लोगों को लगी चपत

कोंच-उरई। गुजरी रात और आज सुबह हुई बारिश के बीच कड़की आकाशीय बिजली ने कईयों की जेबों पर करारा झटका दिया है। एक ओर जहां तमाम किसानों के माथे पर पसीना चुहचुहा आया वहीं लोगों के घरों में बिजली के मंहगे उपकरण आकाशीय बिजली से फुंक गये जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ।
कल दिन में भारी गर्मी के बाद अचानक ही देर शाम से आसमान पर उमड़ घुमड़ कर बादलों ने डेरा जमा लिया और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश व आकाशीय बिजली ने कई इलाकों में जमकर कहर बरपाया। जिन किसानों की बुबाई पहले हो चुकी थी उनके लिये इन बूंदों ने भले ही अमृत का काम किया हो लेकिन तमाम किसान अभी अभी बुबाई करके खेतों से निकले ही थे कि इस बारिश ने उनके अरमानों पर पानी फेर कर रख दिया। इसके अलावा आकाशीय बिजली ने भी लोगों को खूब डराया, भले ही जान किसी की न गई हो लेकिन इससे घरों में जरूर जमकर तांडव हुआ। लोगों के मंहगे बिजली उपकरण फुंकने से उनकी जेबों पर भारी बोझ पड़ा है। यहां केलरगंज इलाके में रहने वाले करूणानिधि शुक्ला, अवनीश कौशिक, अनिलकुमार अग्रवाल, दयानिधि शुक्ला आदि के घरों के इंवर्टर, टीवी जैसे मंहगे उपकरण फुंक गये हैं।

Leave a comment