ग्राम प्रधान उम्मीदवार को गोली मारी, हालत गंभीर

उरई। कैलिया थाना क्षेत्र में ग्राम नरी से चुनाव प्रचार करके घर वापस लौट रहे प्रधान प्रत्याशी को अज्ञात हमलावरों ने रोककर गोली मार दी। गंभीर घायल अवस्था में उसे एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।
ग्राम भेंपता निवासी सत्येंद्र कुमार उर्फ रानू राजा जो कि ग्राम प्रधान पद का उम्मीदवार है। मंगलवार की देर रात वह अपने एक मित्र टिन्नू के साथ ग्राम नरी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर आ रहा था। इसी बीच दो अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और फिर गोली मार दी। इसके बाद आरोपी भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
रानू राजा का कहना है कि कुछ लोग प्रधान पद के चुनाव से नामांकन वापस करने का दबाव उसके ऊपर बना रहे थे, परंतु वह नहीं माना तो उन लोगों ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। हालांकि धमकी देने वालों को नाम लेने से उसने परहेज किया और न ही हमला करने वालों को पहचानने की बात वह कह रहा है। कैलिया थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल ने अपने बयान में फिलहाल किसी का नाम नहीं बताया है। कोशिश की जा रही है कि हमलावरों को पहचान लिया जाए। जिससे उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
सुरक्षा की गारंटी मिलने पर ही उजागर करेगा नाम
घायल रानू राजा कहना है कि जब से उसने ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने के लिए नामांकन किया तभी से उसे धमकियां मिल रहीं हैं, यदि पुलिस द्वारा उसे सुरक्षा की गारंटी मिले तो वह धमकाने वालों को नाम बता देगा। वह बुरी तरह से डरा और सहमा हुआ है।

Leave a comment