छात्रा से अश्लीलता करना शिक्षक को पड़ा मंहगा, निलंबित

उरई। कदौरा थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में छात्रा के साथ एक शिक्षक द्वारा अश्लीलता करने का मामला तूल पकड़ने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही शिक्षको के लिए चेतावनी जारी की है कि यदि भविष्य में कोई भी शिक्षक यदि अनुचित आचरण करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कन्या प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक रामकुमार कौशल ने स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से अश्लीलता की थी। इसके साथ ही वह स्टाफ के साथ भी अमर्यादित आचरण करता था। छात्रा से अश्लीलता करने का मामला तूल पकड़ गया था। इस बारे में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत भी की गयी। जिस पर बीएसए राजेश वर्मा ने जांच के बाद शिक्षक रामकुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि कोई भी शिक्षक अगर अनुचित आचरण करता है तो उसको बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कठोर कार्रवाई अमल में लायी जायेगी। इस तरह की शिकायतों से विभाग और अध्यापकों की छवि धूमिल होती है। किसी भी शिक्षक की इस तरह की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

Leave a comment