उरई। रामश्री पब्लिक स्कूल की बच्चों को लेकर स्कूल आ रही बस से टकराकर बुधवार की सुबह लगभग 8 बजे कुकरगांव के पास बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने बस चालक को नीचे उतारकर उसकी बुरी तरह पिटाई की। खबर पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और किसी तरह बस चालक को भीड़ के चंगुल से निकालकर अपने साथ लाई। बाद में उसका चालान कर दिया गया।
रामश्री पब्लिक स्कूल की उक्त बस प्रतिदिन सुबह जालौन व आसपास के क्षेत्र के बच्चों को उनके घरों से स्कूल लाने के लिए चलती है। आज जब बस कुकरगांव के पास से गुजर रही थी। तभी गांव का ही दीपक (18वर्ष) पुत्र अवधेश बाइक लेकर घर से निकला और बस से टकरा गया। बस की रफ्तार तेज होने की वजह से दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे परिजन जब तक अस्पताल लाये तब तक उसके प्राण पखेरू उड़ चुके थे।
उधर जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खनुआं के निवासी महेंद्र सिंह अपनी पत्नी सरोज (35वर्ष) को प्लेटिना मोटर साइकिल से उरई लेकर आ रहे थे। कुकरगांव के पास ट्रक नं. यूपी 93 एटी 1365 के चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे उनकी पत्नी सरोज बुरी तरह घायल हो गई। इसी बीच ट्रक चालक अपनी गाड़ी सहित भाग निकला। सरोज को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
सीढ़ियों से गिरकर घायल
शहर में मौनी बाबा मंदिर के पीछे नंदा देवी गुप्ता (75वर्ष) अपने घर में सीढ़ियों से उतरते समय फिसलकर घायल हो गई। नंदा देवी जिला अस्पताल में लंबे समय तक एएनएम के रूप में सेवारत रहीं। उनके खून बहता देख उनकी नतबहू बेहोश होकर गिर पड़ी। जबकि नाती उस समय घर नही था। चींखपुकार सुनकर मोहल्ले के दिनेश शर्मा, संजय पांडेय और लालू यादव दौड़े आये और नंदा देवी को उठाकर जिला अस्पताल ले गये उनका उपचार किया जा रहा है।







Leave a comment