सुढ़ार-सालाबाद की फायरिंग मामले में चार भाइयों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

जालौन-उरई। ग्राम पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान सुढ़ार-सालाबाद में मंगलवार को दो उम्मीदवारों के समर्थकों में हुई कई चक्र फायरिंग के मामले में पुलिस ने फिलहाल दो लोगों का चालान किया है। जबकि चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का अभियोग पंजीबद्ध कर लिया है।
उक्त घटना में 50 चक्र से अधिक गोलियां चली थीं। जिसकी खबर से पूरे जिले में प्रशासनिक हलके में हड़कम्प मच गया था। बाद में पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया जिसमें से दो शत्रुघन सिंह और माताप्रसाद राठौर के पुत्र का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। जिनकी तत्काल ही जमानत हो गई।
बाद में इस मामले में दूसरे पक्ष के श्याम सिंह की ओर से शत्रुघन सिंह तोमर के चार पुत्रों धर्मेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 19 चले हुए कारतूस भी बरामद किये जिससे यह केस और पुख्ता हो गया है।
हालांकि दूसरा पक्ष इसे लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा है। शत्रुघन सिंह की पत्नी और प्रधान पद की प्रत्याशी जमुना देवी ने इस मामले में ग्रीन गैंग के साथ आज पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें कहा गया है कि उन्हीं के पति शत्रुघन सिंह गोलीबारी में घायल हुए हैं। जबकि पुलिस ने उन्हीं को पकड़ा और चालान कर दिया। उनकी ओर से मुकदमा भी दर्ज नही किया जा रहा। एसपी ने जांच के आदेश जारी कर दिये हैं।

Leave a comment