चुनावी रंजिश में चले ईंट-पत्थर आधा दर्जन महिलाएं चुटहिल, दो युवक गंभीर

उरई। एट थाना क्षेत्र के ग्राम सेवड़ी में प्रधानी चुनाव के बाद रंजिशन दो पक्षों में ईंट-पत्थर चल गये। जिसमें कई महिलाएं चुटहिल हो गई। जिन्हें कस्बे के ही स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आज सुबह एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के दो लोगों को घेरकर बुरी तरीके से मारपीट करके घायल कर दिया। जिन्हें जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
उक्त ग्राम में मंगलवार को चुनाव के बाद एक-दूसरे का समर्थन करने को लेकर दो पक्षों में चिंगारी भड़क गई थी। जिसके बाद बीती रात बातों ही बातों में चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई। जहां एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर चल पड़ा जो कहासुनी में तब्दील हो गया। बात इतनी बढ़ी कि लोग मारपीट पर आमादा हो गये। परिणाम स्वरूप एक पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर चला दिए। जिसमें करीब आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गई। जिन्हें कस्बे में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इस हादसे के बाद आज सुबह गांव निवासी नवल किशोल (32वर्ष) पुत्र गोकुल प्रसाद अपने भाई बलवान (30वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर एट के लिए जा रहा था। तभी घायल महिलाओं को भर्ती कराकर लौट रहे ट्रैक्टर सवार लोगों ने उन्हें घेर लिया और उन पर जमकर लाठी और सरियों से हमला बोल दिया। जिससे दोनों भाई लहूलुहान हो गये। घटना की जानकारी पर एंबुलेंस द्वारा उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों ने हमलावरों के नाम परमानंद, चंद्रमोहन, गुलाब यादव, सुरेश पाल व गुडडू यादव बताये हैं।

Leave a comment