पत्नी के उत्पीड़न से त्रस्त पति ने एसपी से रोया रोना

0 जमाने की हवा बदली तो अबला बनी दबंग
उरई। जमाना बदला तो पतियों के भी रुआब के दिन लदने लगे हैं। अबला कही जाने वाली पत्नियों की दबंगी के शिकार पतियों की आये दिन सरकारी कार्यालयों में मार्मिक गुहार से जमाने की इस बदली हवा का एहसास बखूबी होता है। ऐसे ही एक पीड़ित पति ने आज एसपी के सामने अपनी पत्नी की दबंगई का रोना रोया तो एसपी भी पसीज उठे और उन्होंने उसके उत्पीड़न में शरीक दरोगाओं के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए हैं।
यह दास्तान है सर्राफा बजार के निवासी अनूप कुमार गोस्वामी की जिनके पास पुश्तैनी जायजाद के बतौर शहर में 12 दुकानें 3 मकान व पैतृक गांव क्योलारी में 16 बीघा जमीन है। इतने मालदार होते हुए भी दाम्पत्य कलह की वजह से आज वे बेघर होकर दरबदर भटकने की स्थिति में पहुंच गये हैं। उन्होंने एसपी को बताया कि मोहल्ला नया पटेल नगर डिग्गीताल निवासी महादेव प्रसाद तिवारी की पुत्री पिंकी उर्फ पिंक लता से उनका विवाह 2002 में हुआ था। उनका आरोप है कि पिंक लता व उसके परिजनों ने उसके साथ रिश्ता साजिश के तहत किया था जिसका उददेश्य उसकी पैतृक जायजाद को हड़पना है। इसीलिए पिंकी शादी के बाद भी मायके जाकर रहने लगी और जब उसने उस पर दबाव डाला कि वह अपने घर में आकर रहे तो झगड़ा करके उसने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा 2009 में उसके विरुद्ध लिखा दिया। इस मामले में समझौते के लिए उसने गांव की पूरी जमीन 25 लाख रुपयों में बिकवाकर उसका सारा रुपया हड़प लिया। अनूप का आरोप है कि पिंकी इसके बाद भी संतुष्ट नही हुई और पुलिस से साजिश करके उसने चार बार उसे अवैध शस्त्र रखने व अन्य फर्जी आरोपों में जेल भिजवाया। यही नही गत् 30 नबवंर को जब वह उसकी साजिश से जेल में निरुद्ध रहने के बाद छूट कर घर आया तो उसे घर में नही घुसने दिया गया। पिंकी दबाव डाल रही है कि वह अपनी दुकानें व मकान भी बेचने और उसका रुपया उसे देने का प्रबंध करे वरना उसकी जिंदगी नरक बनी रहेगी। अनूप ने एसपी को बताया कि अपनी पत्नी की जबर्दस्ती की बजह से वह अपनी वृद्ध मां के साथ स्टेशन या खुली सड़क पर रहकर गुजारा करने को मजबूर है।
अनूप यह बताते-बताते रो पड़ा तो पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची भी उसकी व्यथा पर विचलित हुए बिना नही रहे। उन्होंने उसे झूठे मुकदमें में बंद करने वाले दरोगाओं के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश कर दिए साथ ही अनूप को जायज राहत देने के निर्देश कोतवाली पुलिस को जारी किये हैं।

Leave a comment