गड़बड़ी फैलाने वालों से बांड की रकम की जायेगी वसूल

0 कोंच और नदीगांव ब्लाॅकों में मतदान आज
0 झांसी मंडल में जालौन संवेदनशील जिले के बतौर करार
0 प्रशासन ने गहन सुरक्षा की बनाई रणनीति
0 मुख्य चुनाव आयुक्त ने वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिए डीएम से ली जानकारी
उरई। शनिवार को ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव के लिए नदीगांव और कोंच विकास खंडों में सख्त सुरक्षा प्रबंध किये गये हैं। जिलाधिकारी ने घोषणा की है कि पाबंद किये गये लोगों में से जो लोग मतदान के दिन शांति व्यवस्था को क्षति पहुंचाते हुए पाये जायेगें उनसे बांड की रकम की वसूली आरसी जारी करके की जायेगी। उधर झांसी मंडल में पंचायत चुनाव की दृष्टि से एक मात्र संवेदनशील जनपद होने की वजह से दोपहर बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए जिले में शांति पूर्ण चुनाव के लिए किये गये बंदोबस्त का जायजा लिया।
जिलाधिकारी रामगणेश ने मतदान की तैयारियों को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि नदीगांव ब्लाॅक में 76 ग्राम पंचायतों में और कोंच में 62 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराये जायेंगे। इनमें 407 बूथ स्थापित किये गये हैं। इसके अलावा दूसरे चरण के चुनाव में हरदोई गूजर ग्राम पंचायत के जिस एक बूथ संख्या 166 का चुनाव प्रभावित हुआ था वहां भी कल फिर से वोट पड़ेंगे। गौरतलब है कि हरदोई गूजर के उक्त बूथ पर 14 ऐसे मतदाताओं ने मत प्रयोग किया था जिनके बैलेट पेपर में एक उम्मीदवार का नाम और चुनाव चिन्ह अंकित ही नही हो पाया था। जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने इस बूथ का मतदान रदद कर यहां पुर्नमतदान की घोषणा की थी।
जिलाधिकारी ने बताया कि तीसरे चरण में नदीगांव में 16 और कोंच विकास खंड में 13 मतदान केंद्र अति संवेदनशील चिन्हित किये गये हैं। इन केंद्रों पर एसएसबी और पीएसी की तैनाती की जायेगी। जिसे गड़बड़ी फैलाने वालों को देखते ही गोली मारने के आदेश रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे और पुलिस अधीक्षक मतदान के दौरान निरंतर भ्रमण पर रहेंगे।

आटा में प्रदेश में सबसे ज्यादा उम्मीदवार
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने आमतौर पर बैलेट पेपर में 45 उम्मीदवारों के नाम और उनके चुनाव चिन्ह प्रकाशित कराने की व्यवस्था की है। इतने वृहत बैलेट पेपर के कारण उम्मीदवारों की अधिकता की वजह से प्रदेश में कही भी समस्या उत्पन्न नही हुई लेकिन जालौन जिले में समस्या उत्पन्न हो गई। जिले के कदौरा विकास खंड की आटा ग्राम पंचायत में 48 उम्मीदवारों ने पर्चें दाखिल किये जिनमें से एक का पर्चा जांच के दौरान खारिज कर दिया गया। इसके बावजूद 47 उम्मीदवार यहां मैदान में हैं जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। इसके कारण आटा के लिए अलग से बैलेट पेपर प्रकाशित कराने की नौबत आ गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए मंजूरी दे दी है और दिल्ली स्थित सरकारी प्रेस में उक्त ग्राम पंचायत के लिए 47 खाने वाले 10 हजार बैलेट पेपर प्रकाशित करने का आर्डर भेजा जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में उपजिलाधिकारी सदर डाॅ. एवी सिंह और जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम भी उपस्थित थे।

Leave a comment