04orai04प्रधान की 138 सीटों के लिये कुल 1203 प्रत्याशी हैं मैदान में
कोंच एवं नदीगांव विकास खंडों में आज होगा मतदान
कोंच-उरई। पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिये कल 5 दिसंबर को होने बाले मतदान के लिये आज पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया है। तीसरे चरण में कोंच एवं नदीगांव विकास खंडों में मतदान होना है। कोंच ब्लॉक के लिये एसआरपी इंटर कॉलेज कोंच और नदीगांव ब्लॉक के लिये जिला परिषद् इंटर कॉलेज नदीगांव से रवाना किया गया है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के तगड़े और सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। इस चरण में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिये मतदान होना है। आज चुनाव प्रेक्षक ने भी दोनों जगह जाकर स्थिति का जायजा लिया।
तीसरे चरण में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिये होने बाले मतदान के लिये कुल 407 पोलिंग पार्टियों की रवानगी की गई है जबकि 41 रिजर्व में रखी गईं हैं। विकास खंड कोंच के लिए 171 पोलिंग पार्टियां आज एसआरपी इंटर कॉलेज से रवाना हुई हैं, जबकि 17 पार्टियां रिजर्व में रखी गई हैं। ब्लॉक नदीगांव जिला परिषद् इंटर कॉलेज नदीगांव से पार्टियों को रवाना किया गया है। यहां 236 पार्टियों को मतदान कार्य में लगाया गया है, 24 पार्टियां रिजर्व में रखी गई हैं। मतदान प्रक्रिया में 1628 कर्मचारी मतदान केंद्रों पर भेजे गए हैं तथा 164 रिजर्व में रखे गए हैं। पार्टियों की रवानगी के वक्त जिले से भी आला अधिकारी कोंच व नदीगांव निगरानी के लिये पहुंचे थे। स्थानीय प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी भी पोलिंग पार्टियों की मदद में लगातार अनाउंस करते रहे। इस चरण के मतदान में कोंच एवं नदीगांव विकास खंडों में कुल 212917 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रधान पद की कुल 138 सीटों के लिए वोट डाले जायेंगे और 1203 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के वक्त चुनाव प्रेक्षक राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के निदेशक एवं माध्यमिक शिक्षा के बिशेष सचिव चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने भी दोनों जगह जाकर जायजा लिया और जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर उन्हें खास निर्देश दिये। इस दौरान जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के अलग अलग तम्बू लगाये गये थे। इसी बीच ग्राम लौना के सुधीरकुमार गोस्वामी ने एसडीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया कि मीनादेवी की लौना में बतौर मतदानकर्मी ड्यूटी लगाई गई है जबकि इनका भतीजा वहां से प्रत्याशी है, शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेकर मीना की ड्यूटी वहां से काट दी। सीडीओ एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंदकुमार, एएसपी शकील अहमद, एसडीएम कोंच संजयकुमार सिंह, एसडीएम माधौगढ़ एसपी अग्रवाल, सीओ कालपी महेन्द्रसिंह, सीओ माधौगढ महेन्द्रपाल सिंह, आरओ कोंच श्रीकृष्ण शाक्या, आरओ नदीगांव राकेश वर्मा, बीडीओ कोंच बब्बन राय, बीडीओ नदीगांव गणेशप्रसाद, कोतवाल कोंच रूद्रकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a comment