ग्रामीणों में भारी आक्रोश
जेई ने लोक निर्माण मंत्री पर भी की टिप्पणी
कुठौंद-उरई। दौन-बिचैली
संपर्क मार्ग के निर्माण में भारी घपले बाजी की जा रही है। इस रोड में गिट्टी की जगह मिट्टी डाली जा रही है। जिससे ग्रामीणों को इस पर आवागमन और ज्यादा तकलीफदेह बन जाने की आशंका है। ग्रामीणों ने इसका तीखा विरोध जताया।
दौन-बिचैली निवासी बलवीर सिंह, महरबान सिंह, दिनेश, विवेक सेंगर, कुलदीप और मंगल सिंह आदि ने बताया कि उक्त संपर्क मार्ग 1980 में बनाया गया था। पिछले 35 वर्षों में इस पर कोई कार्य नही हुआ जिससे रोड की बुरी दुर्दशा हो गई है। वर्तमान में लोक निर्माण विभाग तृतीय खंड को इसके पुनर्निर्माण का बजट भी मिला तो वह स्थिति सुधारने की बजाय और ज्यादा खराब करने पर आमादा है। टोकने पर जेई कमलेश कुमार प्रदेश के लोकप्रिय लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव को भी बदनाम करने से नही चूकते। उन्होंने खुलेआम गांव वालों के बीच कहा है कि हमें हर रोड की तरह इस रोड का भी कमीशन मंत्री जी तक पहुंचाना पड़ेगा। ऐसे में ढंग की रोड हम अपनी जेब से तो नही बना देंगे। उक्त ग्रामीणों का कहना है कि वे जेई के दुस्साहस की जानकारी लोक निर्माण मंत्री तक भेजेंगे। रोड भले ही नई न बने लेकिन मिट्टी डालकर इसकी औपचारिकता पूरी करने की मनमानी यहां नहीं चल पायेगी।






Leave a comment