प्रशासनिक अमला जान कर भी बना अनजान
एडीएम बोले तालाब पर कब्जा की अनुमति किसी को नहीं
उरई। न्यायालय के आदेश के बाद भी दबंग नगर में स्थित तालाबों पर कब्जा करने में लगे हुये हैं। सरकारी नजूल भूमि पर कब्जा लगातार हो रहे है इसके बाद भी प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।
नगर में स्थित राजस्व विभाग के अनुसार 36 तालाब हैं। नगर के अधिकांश तालाबों पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। पालिका परिषद ने नगर के पांच तालाबों पर अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया था और 70 अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध सार्वजनिक ग्रहादि अधिनियम 1972 के तहत मामला उप जिलाधिकारी के यहां चला। देश की सर्वोच्च अदालत ने भी तालाबों पर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। इसके बाद भी दबंग नगर के तालाबों पर अतिक्रमण करने में जुटे हुये हैं। मोहल्ला कंजर कालौनी में स्थित सरकारी नजूल तालाब की जमींन पर दबंग इस समय ट्रैक्टरों से मिट्टी की पुराई करने में पूरे मनोयोग से लगे हुये है ऐसा ही हाल मोहल्ला नारोभास्कर में हरीपुरा स्कूल के पीछे दबंगों ने कब्जा करने की मंशा से जगह की भराई कराना शुरू कर दिया। नगर में स्थित तालाबों पर दबंगों की पैनी नजरें हैं जैसे ही उन्हें मौका मिलता है ऐसे लोग अतिक्रमण करने में जुट जाते हैं। जिलाधिकारी द्वारा आदर्श तालाब बनाने के लिये मोहल्ला मुरली मनोहर तालाब के सौंदर्यीकरण कराने का प्रयास लगातार चल रहे हैं। लेकिन जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी वह तालाब अतिक्रमणकारियों के शिकंजे से मुक्त नहीं हो पाया है। तालाब पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही न किये जाने के कारण एक ओर जहां दबंगों के हौंसले बुलंद हैं तो वहीं जब इस संबंध में अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि वह उप जिलाधिकारी से बात करके अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करायेंगे।






Leave a comment