0 एएसपी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
कोंच-उरई। गुजरी 5/6 दिसंबर की रात ससुरालियों द्वारा बर्बरता पूर्वक मारी गई विवाहिता के पति को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वह बाहर जाने की फिराक में मारकंडेयश्वर तिराहे पर वाहन के इंतजार में खड़ा था। इस मामले में आरोपी चार अन्य लोगों की भी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। इधर, इस दहेज हत्या के मामले में एएसपी शकील अहमद ने भी घटनास्थल का जायजा लेने के बाद हिरासत में आये पति से पूछताछ की है।
कस्बे के सटते बाहरी इलाके महंतनगर में डाढी रोड पर बीती 5/6 दिसंबर की रात डॉली नामक विवाहिता की अति क्रूरतम तरीके से उसके ससुरालियों पति राजकुमार पुत्र राजाराम रजक, जेठ आनंद रजक, जेठानी संतोषी, देवरों सुनील व अनिल ने दहेज में बाईक व सोने की चेन की मांग को लेकर उत्पीडन की पराकाष्ठा पार करते हुये डॉली को तड़पा तड़पा कर मारा और साक्ष्य नष्ट करने की गरज से उसकी लाश को फूंकने का प्रयास भी किया। मृतका के पिता रघुवीर ने इन पांचों के खिलाफ दहेज हत्या में एफआईआर दर्ज कराई है जिसकी जांच सीओ मनोजकुमार गुप्ता के पास है। घटना को अंजाम देने के बाद ससुराली जन फरार हो गये थे और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी थी, तभी आज अलस्सुबह कोतवाल रूद्रकुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि डॉली का पति राजकुमार मारकंडेयश्वर तिराहे पर किसी वाहन का इंतजार कर रहा है और बाहर भागने की फिराक में है। पुलिस ने सूचना पर फौरी संज्ञान लेते हुये दरोगा दिनेश यादव, रवीन्द्र त्रिपाठी, सलमान अली को पुलिस बल के साथ भेजा और मृतका का पति वहां से भाग पाता उससे पहले ही पुलिस द्वारा दबोच लिया गया। जरूरी लिखापढी के बाद राजकुमार को जेल भेज दिया गया है, अन्य आरोपियों की भी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। चूंकि मामला दहेज हत्या का था लिहाजा सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद भी कोंच पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एएसपी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्दी ही अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा। अधजली लाश मामले में उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद इस मामले पर फोकस होगा। इस दौरान सीओ मनोजकुमार गुप्ता, कोतवाल रूद्रकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।






Leave a comment