0 एसआरपी कोंच व जिला परिषद् नदीगांव स्कूलों में तगड़ी सुरक्षा में हैं मतपेटियां
कोंच-उरई। ग्राम पंचायत चुनाव में तीसरे चरण के 5 दिसंबर को हुये मतदान के बाद मतपेटियों को तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोंच और नदीगांव में बनाये गये स्ट्रांगरूम्स में रखीं गईं हैं। अभी मतपेटियों में बंद भाग्य बाहर आने में कम से कम पांच दिन की देरी है और इस बीच प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में जबर्दस्त खलबली की स्थिति है, गांवों की चैपालों पर हार जीत के गुणा भाग लगाये जा रहे हैं।
गुजरी 5 दिसंबर को तीसरे चरण के कोंच और नदीगांव विकास खंडों में हो चुके मतदान के बाद कोंच ब्लॉक की मत पेटिकायें यहां एसआरपी इंटर कॉलेज और नदीगांव ब्लॉक की जिला परिषद् इंटर कॉलेज में बनाये गये स्ट्रांगरूम्स में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखी गई हैं। एसडीएम संजयकुमार सिंह और सीओ मनोजकुमार गुप्ता के अलावा जिले के भी बड़े अधिकारी समय समय पर इन स्ट्रांगरूम्स की सुरक्षा का जायजा लेते रहते हैं। इधर, मतदान के बाद हालांकि कोंच और नदीगांव विकास खंडों में चुनावी चखचख ऊपरी तौर पर भले ही शांत दिख रही हो लेकिन अंदरखाते की बात तो यह है कि प्रत्याशियों की रातों की नींद और दिन का चैन गायब है। गांवों के नुक्कड़ों और चैपालों में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में हार जीत को लेकर गुणा भाग का दौर भी चल रहा है। यहां दिलचस्प यह है कि मतदान के बाद गांवों में माहौल बिल्कुल शांत है, लगता है जैसे तूफान आमद से पहले की शांति हो, क्योंकि जब मतों की गिनती के बाद हार जीत के फैसले होंगे तो हारे हुये प्रत्याशियों की स्थिति न सिर्फ देखने लायक होगी बल्कि उनकी प्रतिक्रिया और भी ज्यादा देखने लायक होगी। लड़ाई झगड़ों की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है, और ऐसी स्थिति में पुलिस के लिये बंगार तो बढनी ही बढनी है।






Leave a comment