08orai02उरई। ग्राम पंचायत चुनाव के चैथे और अंतिम चरण के लिए बुधवार को कदौरा विकास खंड की 71 और महेवा विकास खंड की 59 पंचायतों में मतदान होगा। जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज जिलाधिकारी रामगणेश और पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि अंतिम चरण में सबसे ज्यादा संवेदनशील 15 मतदान केंद्र चिन्हित किये गये हैं। जिनमें 8 कदौरा ब्लाॅक में और 7 महेवा ब्लाॅक में हैं। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का भारी बंदोबस्त किया गया है तांकि कहीं कोई गड़बड़ी नही हो पाये।
जिलाधिकारी रामगणेश ने कहा कि सुचारू मतदान व्यवस्था की वजह से पिछले तीन चरणों में लगातार मतदान प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि चैथे चरण में रिकार्ड तोड़ मतदान प्रतिशत की संभावना है। पत्रकार वार्ता में उपस्थित जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम ने बताया कि कदौरा विकास खंड में 1 लाख 48 हजार 673 और महेवा विकास खंड में 94 हजार 590 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
प्रदेश में सबसे ज्यादा उम्मीदवार आटा में
जिले में चैथे और अंतिम चरण के चुनाव में आटा ग्राम पंचायत ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है जहां प्रदेश में सबसे ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। जिलाधिकारी रामगणेश ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतपत्रों में अधिकतम् 45 उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिन्ह अंकित कराने की व्यवस्था की थी लेकिन जिले के कदौरा विकास खंड की आटा ग्राम पंचायत में एक उम्मीदवार का पर्चा निरस्त हो जाने के बावजूद 47 उम्मीदवार खड़े रह गये। जिससे प्रशासन और आयोग के लिए धर्म संकट पैदा हो गया। बाद में दिल्ली की सरकारी प्रेस से इस ग्राम पंचायत के लिए अलग से 47 खाने वाले 10 हजार मतपत्र प्रकाशित कराये गये। गौरतलब है कि आटा में मतदाताओं मात्र की संख्या 5300 है। जबकि आबादी 7 हजार से अधिक है।

Leave a comment