उरई। आगामी 12 दिसंबर को वृहद स्तरीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन पूरे देश के साथ-साथ जनपद में भी होगा। राज्य सरकार और चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय लोक अदालत के मददेनजर ही 12 दिसंबर को पहले निर्धारित की गई ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना अगले दिन के लिए तय कर दी है। उधर प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा लघु वाद निस्तारित करने के लिए जनपद न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा के निर्देशन में जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारी पूरे दमखम से जुटे हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जो उक्त लोक अदालत की आयोजक संस्था है के प्रभारी सचिव पीयूष तिवारी ने बताया कि लोक अदालत का आयोजन उक्त तिथि को प्रातः 10 बजे से किया जायेगा जो उसी दिन सायंकाल 5 बजे तक चलेगा। इस दिन सभी राजस्व, स्टाॅम्प, चकबंदी, व्यवहार (दीवानी) और फौजदारी अदालतें अवकाश के बावजूद हमेश की तरह अपने-अपने स्थान पर पूरे दिन कार्य करेगें।
उन्होंने बताया कि इसमें ऐसे प्रकरण भी लिए जायेगे जिन विवादों की सुनवाई किसी अदालत में लंबित न हो फिर भी कोई व्यक्ति अपने प्रतिपक्षी से उस विवाद में समझौता करने का इच्छुक हो। उन्होंने कहा कि लोक अदालत इस तरह के समझौते को लिपिबद्ध करके न्यायिक प्रक्रिया के रूप में मान्यता देगी।






Leave a comment