09orai04कोंच-उरई। आगामी दिनों में झांसी में होने बाले सुप्रसिद्ध झांसी महोत्व में जब से कोंच रामलीला को एक लीला का मंचन करने का बुलावा मिला है, उत्साहित रंगकर्मी उसकी तैयारियों में जुट गये हैं। वे लगभग रोज ही घंटों रिहर्सल में पसीना बहा रहे हैं ताकि उनके प्रदर्शन में कोई कमी न रह जाये।
हालांकि कोंच की अंतर्राष्ट्रीय लब्धप्रतिष्ठ रामलीला में सभी सिद्धहस्त कलाकार हैं जो अपने अपने फन में पूरी तरह से पारंगत हैं लेकिन इस रामलीला में अभिनय करने वाले कलाकार पेशेवर नहीं होने और कामकाजी होने के कारण पूरा समय रामलीला को नहीं दे पाते हैं, सिर्फ रामलीला के समय ही उनके पास समय होता है सो साल भर उनकी प्रैक्टिस नहीं रहती है। जिस दिन से झांसी महोत्सव के आयोजकों ने कोंच की रामलीला द्वारा एक लीला के मंचन कराने की योजना बनाई और रामलीला संचालित कराने बाली मातृ संस्था से अपनी तैयारियां करने के लिये कहा है, रंगकर्मी उत्साह से लबरेज हैं। उन्होंने अपनी तय लीला के लिये न सिर्फ पात्रों का वितरण ही कर दिया है बल्कि हर दूसरे दिन रिहर्सल भी हो रही है जहां सभी किरदार अपना पसीना बहा कर अपने अभिनय में जान डालने की कोशिशों में जुट गये हैं। रामलीला के निर्देशक नरोत्तमदास स्वर्णकार ने बताया है कि सभी पात्रों का चयन कर लिया गया है और उनसे रिहर्सल ली जा रही है। उन्होंने कहा है कि चूंकि वहां समय की बाध्यता होगी लिहाजा लीला को शॉर्ट करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि दिये गये समय में कलाकार अच्छे से अच्छा प्रदर्शन कर सकें। इस दौरान धर्मादा अध्यक्ष केशव बबेले, रामलीला विशेषज्ञ रमेश तिवारी, वीरेन्द्र त्रिपाठी, अतुल शर्मा, गौरीशंकर झा, अभिषेक रिछारिया, पवन परिहार, मृदुल दांतरे, दीपक सोनी, सूर्यदीप सोनी, सुमित झा, ऋषि झा, राहुल राठौर, आशुतोष दुवे, सोम शुक्ला, प्रियम शुक्ला आदि मौजूद रहे।

Leave a comment