0 आम सभा की बैठक में फैसला
0 एल्डर्स कमेटी भंग, चैयरमेन यज्ञदत्त त्रिपाठी का इस्तीफा स्वीकार
0 आज महोबा के वकीलों के समर्थन में होगा न्यायिक कार्य का बहिष्कार
12065564_1515048802143994_20145587447710710_nउरई। जिला अधिवक्ता संघ की आम सभा में वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी 31 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया गया है। नतीजतन कुछ ही दिन पहले अधिवक्ता संघ के नये चुनाव के लिए जारी कार्यक्रम स्वतः निरस्त हो गया है। आम सभा ने एल्डर्स कमेटी के चैयरमेन का इस्तीफा स्वीकार करने के साथ समूची एल्डर्स कमेटी को भंग कर दिया है।
अधिवक्ता संघ के नये चुनाव की गहमा-गहमी में एल्डर्स कमेटी के चैयरमेन यज्ञदत्त त्रिपाठी द्वारा स्वास्थ्य के आधार पर दिये गये इस्तीफे से नया मोड़ आ गया था। खलबली को देखते हुए बार संघ के अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार श्रीवास्तव ने आनन-फानन में बार संघ की आम सभा की बैठक आहूत कर डाली जो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप आज अधिवक्ता भवन स्थित पंडित राजेंद्र रावत सभागार में आयोजित हुई। बैठक का संचालन अरविंद गौतम चच्चू ने किया।
इसमें सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। आम सभा ने इसक बाद अगले सत्र के चुनाव कार्यक्रम को फिलहाल निरस्त कर दिया और वर्तमान पदाधिकारियों को 31 मार्च तक अपने दायित्व का संपादन करते रहने के लिए हरी झंडी दे दी। इसी के साथ यज्ञदत्त त्रिपाठी का एल्डर्स कमेटी के चैयरमेन पद से इस्तीफा स्वीकार कर पूरी कमेटी भंग करने का निर्णय लिया।
नई व्यवस्था में आम सभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वर्तमान कार्यकारिणी मतदाता सूची तैयार कराये और इसके बाद पांच सदस्यीय चुनाव समिति आगामी चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पादित कराने के लिए गठित करे। एक अन्य फैसले में जिला अधिवक्ता संघ महोबा के निर्णय के समर्थन में 11 दिसंबर को जनपद के सभी अधिवक्ताओं ने भी न्यायिक कार्य के बहिष्कार का ऐलान किया।
बैठक में शशिकांत द्विवेदी, गोविंद सिंह गुर्जर, दयाराम अहिरवार, यूसुफ इश्तियाक, गजेंद्र सिंह चैहान, वीरेंद्र चतुर्वेदी, रमेश चतुर्वेदी, भूपेंद्र विक्रम वेद, गजेंद्र सिंह, देवेंद्र तोमर, राजेश सक्सेना, कमर अहमद सहित तीन सैकड़ा अधिवक्ताओं ने भाग लिया। बैठक की कार्रवाई का संचालन अधिवक्ता संघ के महासचिव अरविंद गौतम चच्चू ने किया।

Leave a comment