उरई। बिजली विभाग द्वारा चोरी रोकने के लिए चलाए गए अभियान में 28 हजार से अधिक नये कनेक्शन और जोड़ दिये गये हैं। इन कनेक्शनों पर मीटर लगाने का काम भी साथ-साथ चल रहा है।
विद्युत व्यवस्था में ढांचागत् सुधार की व्यापक जरूरत होते हुए भी संसाधनों के अभाव में सरकार इसके लिए कदम नही उठा पा रही थी। बड़े पैमाने पर बिना कनेक्शन के विद्युत उपयोग के रिवाज के चलते खर्च होने वाली बिजली के बहुत कम भाग का शुल्क सरकार को मिल रहा था। इसी के नतीजे में सरकार ने गत् वर्ष शतप्रतिशत उपभोक्ताओं को कनेक्शन कराने के लिए बाध्य करने की रणनीति तैयार की और बिजली विभाग को इस अभियान में पूरी ताकत के साथ झोंक दिया।
जिले में इस अभियान को उम्मीद से अधिक कामयाबी मिली है। अधीक्षण अभियंता एसएस प्रसाद ने बताया कि अभियान के वर्तमान चरण में अभी तक वितरण खंड 1 में 16 हजार 845 और खंड 2 में 11 हजार 933 नये कनेक्शन किये जा चुके हैं। इस तरह जनपद में कुल हुए 28 हजार 778 नये कनेक्शनों में से 28 हजार 16 कनेक्शन धारकों के यहां तुरत-फुरत मीटर भी लगाये जा चुके हैं। केवल 762 कनेक्शन धारकों के यहां मीटर लगना शेष रह गया है और यह कार्य भी इसी महीने के अंत तक पूरा कर लिया जायेगा।
उधर विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए भी तेजी से कार्य जारी है। उरई में 11 केवी के 232 नये ट्रांसफार्मर स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है जिसमें से 137 ट्रांसफार्मर स्थापित किये जा चुके हैं। कोंच में 38 के लक्ष्य के सापेक्ष 34, कालपी में भी 38 के लक्ष्य के सापेक्ष 34 और जालौन में 33 के लक्ष्य के सापेक्ष 32 नये ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिये गये हैं। एवीसी केविल बिछाने के कार्य में भी लक्ष्य के सापेक्ष 85 प्रतिशत से अधिक की पूर्ति की जा चुकी है। 11 केवी की नई लाइनों के लक्ष्य के सापेक्ष 12.4 कार्य पूर्ति हुई। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि तेजी से हो रहे ढांचागत् सुधार से आने वाली गर्मियों में उपभोक्ताओं को आपूर्ति के मामले में काफी सुकून की स्थिति देखने को मिलेगी।







Leave a comment