12065564_1515048802143994_20145587447710710_nउरई। मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में बैठक कर सिंचाई संबंधी जानकारी अधिकारियों से मांगी। कदौरा ब्लाक में 9 माइनरों में पानी न पहुंचने पर नाराजगी प्रकट करते हुए बेतवा नहर के अधिशाषी अभियंता को चेतावनी दी कि दो दिन के अंदर पानी नहीं पहुंचा तो कठोर कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। जगनेवा सहित तीन नलकूपों का ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर उन्होंने बिजली विभाग के एसडीओ और अवर अभियंता के खिलाफ निलंबन की संस्तुति कर दी। कहा कि जो भी अधिकारी लापरवाही करेंगे उनको बख्शा नहीं जायेगा। किसानों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े इस बात का ध्यान अधिकारियों को रखना है।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सीडीओ ने कदौरा ब्लाक की रिपोर्ट तलब की। पूंछा कि कितनी माइनरों में पानी नहीं पहुंच पाया है। उनको बताया गया कि 9 माइनरें ऐसी हैं जहां पर अभी तक पानी नहीं पहुंच सका है। इस पर उन्होंने बेतवा नहर के अधिशाषी अभियंता से नाराजगी प्रकट की। कहा कि दो दिन के अंदर पानी की व्यवस्था की जाये नहीं तो वह कठोर कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कालपी के एसडीओ विद्युत व जेई से पूंछा कि जगनेवा के नलकूप का ट्रांसफार्मर कई महीने से खराब पड़ा है। कई बार कहने के बाद भी उसको नहीं बदला गया। किसान पलेवा के लिए परेशान हैं। बुआई का समय समाप्त होने की कगार पर है। इसके बाद भी लापरवाही की जा रही है। सिर्फ जगनेवा ही नहीं बल्कि अन्य कई नलकूप विद्युत दोष के चलते बंद पड़े हैं। यह लापरवाही का परिचायक है। सीडीओ ने एसडीओ धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता सुमित साहू के खिलाफ निलंबन की संस्तुति कर दी। साथ ही सिंचाई से जुड़े महकमों को निर्देश दिए कि किसानों को पानी की समस्या हुई तो अधिकारियों को खिलाफ कार्रवाई तय है। अच्छा यही होगा कि जो जिम्मेदारी दी गयी है उसको पूरा करने के प्रयास किए जायें। इस मौके पर डीडीओ आरएस गौतम, उप कृषि निदेशक अनिल कुमार पाठक, अधिशाषी अभियंता बेतवा नहर प्रथम एसपी सिंह, अधिशाषी अभियंता बेतवा नहर द्वितीय राकेश वर्मा, अधिशाषी अभियंता नलकूप एके गौड़ उपस्थित रहे।

Leave a comment