0 पहला परिणाम नौ बजे तक आने की उम्मीद
0 कोंच में एक कक्ष में तीन, नदीगांव में रहेंगी चार टेबिल
11orai06कोंच-उरई। ग्राम पंचायत चुनाव के लिये प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों का मतपेटियों में बंद भाग्य बाहर आने में अब बमुश्किल कल की रात बाकी होगी। 13 दिसंबर की सुबह सात बजे से मतों की गिनती शुरू हो जायेगी और पहला परिणाम नौ बजे तक आ जाने की उम्मीद है। मतगणना के लिये प्रशासन तैयारियों में जुटा है और निष्पक्ष, पारदर्शी ढंग से मतों की गिनती के लिये तगड़े सुरक्षा बंदोबस्त कोंच और नदीगांव में किये जा रहे हैं। दोनों विकास खंडों में कुल 59 टीमें मतों की गिनती करेंगीं। कोंच में 23 तथा नदीगांव में 36 टेबिलों पर मतों की गिनती होगी।
जैसे जैसे मतगणना की उल्टी गिनती जारी है, प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें धाड़ धाड़ बजती साफ सुनाई देने लगी हैं। कोंच एवं नदीगांव विकास खंडों में कुल 138 ग्राम प्रधानों के लिये 1203 प्रत्याशी मैदान में थे और 5 दिसंबर को हुये मतदान के बाद उनका भाग्य मतपेटियों में बंद स्ट्रांग रूम्स में रखा है। रविवार 13 दिसंबर को होने बाली मतगणना के लिये प्रशासन फूलप्रूफ तैयारियों में जुटा है। कोंच के मतगणना स्थल एसआरपी इंटर कॉलेज और नदीगांव के जिला परिषद् इंटर कॉलेज में तगड़ी बैरीकेटिंग की जा रही है ताकि अवांछनीय तत्वों को सख्ती के साथ मतगणना स्थलों पर जाने से रोका जा सके। कोंच आरओ श्रीकृष्ण शाक्या ने बताया है कि सात न्याय पंचायतों के हिसाब से सात कक्षों में टेबिलें लगाई जा रहीं हैं जिसमें गुरावती, पचीपुरी, किसुनपुरा, पनयारा, चमेंड़ और बिलायां न्याय पंचायतों के लिये तीन तीन टेबिल लगाये जा रहे हैं तथा बड़ी होने के कारण पिंडारी न्याय पंचायत में पांच टेबिल बरामदे में लगाई जायेंगी। मतगणना में कुल 115 कर्मचारी लगाये जा रहे हैं जबकि दो पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। उधर, नदीगांव आरओ राकेश वर्मा ने बताया है कि नौ न्याय पंचायतों के लिये नौ कक्षों में चार चार टेबिलें लगाई जायेंगी जिसमें 36 पार्टियों में 180 कर्मचारी मतों की गिनती करेंगे, दो पार्टियां रिजर्व में रखी गई हैं। दोनों विकास खंडों के लिये सुपर जोनल मजिस्ट्रेट सीडीओ एसपी सिंह बनाये गये हैं। कोंच में जोनल मजिस्ट्रेट तहसीलदार कोंच जितेन्द्रपाल तथा बीएसए बनाये गये हैं। इसके अलावा डाटा फीडिंग के काम पर रामशंकर कुशवाहा, प्रशांत तथा अविनाश को लगाया गया है तथा डाटा कलैक्शन का काम रामबाबू अग्रवाल, मोहम्मद रिजवान तथा रवीन्द्र शुक्ला देखेंगे। कोंच में बीडीओ बब्बन राय तथा नदीगांव में बीडीओ गणेशप्रसाद अपने स्तर से मतगणना में सहयोग करते रहेंगे।

इंसेट में-
एजेंट बनने के लिये ब्लॉकों में उमड़ी भीड़
11orai0713 दिसंबर को होने बाली मतगणना के लिये जहां प्रशासन अपनी तैयारियों में जुटा है वहीं प्रत्याशियों की सुविधा को देखते हुये चुनाव अधिकारियों ने एजेंट पास बनाने शुरू कर दिये हैं। आज कोंच व नदीगांव ब्लॉकों में एजेंटों के पास बनवाने के लिये प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। कोंच तथा नदीगांव विकास खंडों में न्याय पंचायतों के लिये बनाये गये सहायक चुनाव अधिकारियों के समक्ष प्रत्याशियों के आवेदन दिये और उनके एजेंट बनाये गये। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक एक प्रत्याशी का केवल एक ही एजेंट बनाया जा रहा है जिसमें या तो प्रत्याशी बन जाये या वह अपने किसी समर्थक को एजेंट बना सकता है। एजेंट बनने के लिये आवश्यक है कि वह उसी ग्राम का निवासी हो, अन्यथा की स्थिति में एजेंट नहीं बनाया जा सकता है।

Leave a comment