उरई। एनएच पर मैक्सीकैप गाड़ियों के चालान की वजह से सुभाष चंद्र बोस टैम्पो-टैक्सी एसोशिएशन ने एआरटीओ और रोडवेज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसोशिएशन के अध्यक्ष मैराज सिददीकी के नेतृत्व में प्रदर्शन निकालकर डीएम को विरोध स्वरूप ज्ञापन सौंपा गया।
मैराज सिददीकी का कहना है कि मैक्सीकैप का ठेका गाड़ी के रूप में इस्तेमाल होता है। जिसमें बुकिंग के द्वारा पार्टी को अपने स्थान से गंतव्य तक छोड़ने का परमिट 4660 रुपये के तिमाही टैक्स के बदले निर्गत रहता है।
उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को कालपी क्षेत्र के मैक्सीकैप संचालकों की गाड़ियां ग्राम पंचायत चुनाव कार्य के लिए अधिगृहीत कर ली गई थी। अगले दिन उन गाड़ियों की लाॅगबुक जमा कराने के लिए उनके आॅपरेटर गाड़ी समेत उरई की ओर आ रहे थे। रास्ते में परिवहन विभाग के अधिकारियों और एआरएम रोडवेज ने उन गाड़ियों को पकड़ लिया और चालान कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह सरासर अवैध कार्रवाई है। सूखे के हालात की वजह से लोगों को वैकल्पिक रोजगार तलाशने पड़े हैं। जिसमें मैक्सीकैप चलवाना भी शामिल है। अगर कागजी नियम बताकर इन गाड़ियों को बंद कराने की कुचेष्टा की गई तो हाहाकार मच जायेगा। जिलाधिकारी ने शिकायत का परीक्षण कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में सुभाष चंद्र बोस टैक्सी-टैंपो एसोशिएशन के अन्य पदाधिकारी नफीस आलम एडवोकेट, विजय तिवारी, कुलदीप गौर, बलवीर सिंह के अलावा अनिल कुमार बाजपेयी, सुनील गुप्ता, विवेक निगम, रामपाल, कृष्णा, राजू, माजिद हुसैन, पप्पू सिंह सहित कई मैक्सीकैप आॅपरेटर शामिल थे।






Leave a comment