0 बुलेरो सहित मध्यप्रदेश का एक तस्कर गिरफ्तार
0 माधौगढ़ के भी कई सफेद पोश चढ़ सकते हैं पुलिस की निगाह में
12065564_1515048802143994_20145587447710710_nमाधौगढ़-उरई। पुलिस ने आज बड़ी कामयाबी के तहत तस्करी करके लाई गई बियर की एक बड़ी खेप को पकड़ लिया। इस सिलसिले में मध्यप्रदेश के एक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मजे की बात यह है कि जिस गाड़ी में यह शराब लादकर लाई जा रही थी उस पर पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने मध्यप्रदेश शासन लिखवा रखा था।
ग्राम पंचायत चुनाव के बीतने के बाद भी पुलिस ने शराब की तस्करी रोकने के अभियान में ढील छोड़ना गंवारा नही किया है। मध्यप्रदेश की सीमा से लगा थाना होने की वजह से इस क्षेत्र में शराब तस्करों पर निगाह रखने के लिए पुलिस को ज्यादा ही सतर्कता बरतनी पड़ रही है। इसी का नतीजा है कि पुलिस द्वारा फैलाये गये मुखबिरों के नेटवर्क से उसे सूचना मिली कि किंगफिशर बियर की कई पेटियां मध्यप्रदेश से तस्करी करके एक जीप में लाई जा रही हैं। पुलिस ने तत्काल व्यूह रचना की जिससे संदिग्ध बुलेरो को थाना क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करते ही पकड़ लिया गया। इसमें किंगफिशर ब्रांड की 42 पेटी बियर लदी हुई थी। पुलिस ने बुलेरो सहित पूरे माल को अपने कब्जे में कर लिया।
इस दौरान भिंड निवासी राजवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया जो इस खेप की डिलेवरी देने जा रहा था। पुलिस उससे पूंछतांछ कर यह उगलवाने की कोशिश कर रही है कि उसका माल किस व्यक्ति को पहुंचना था और कितने समय से वह शराब की तस्करी कर रहा है। बियर के अलावा और कौन सी शराब वह कितनी बार ला चुका है और कहां उसकी डिलेवरी दी यह भी पूंछा जा रहा है। क्षेत्र के कई सफेद पोशों के नाम उसने बतायें हैं जो शराब की तस्करी के धंधे से उसके साथ जुड़े हुए हैं। इसकी वजह से आज राजवीर की गिरफ्तारी होने पर क्षेत्र में खलबली देखी गई। सफेद पोशो के भेदिये थाने के आसपास राजवीर के बयान की जानकारी और पुलिस की उसकी निशानदेही पर अन्य अडडों पर रेड की योजना के बारे में पता लगाने के लिए मंडराते रहे।

Leave a comment