0 गोपाल गंज सब्जी मंडी में दिन भर बनी रहती जाम की समस्या
13orai02उरई। शहर में अतिक्रमण की समस्या से फुटपाथ कराह रहे हैं। लोगों ने सड़कों को भी नहीं छोड़ा है। सड़कों के किनारे लोगों ने कब्जा कर रखा है जिससे सड़कें सिकुड़ गयीं हैं। कुछ जगहों पर तो सड़क इस कदर अतिक्रमण का शिकार हैं कि पैदल भी लोग नहीं निकल सकते हैं। वाहन तो क्या साइकिल भी लेकर नहीं जाया जा सकता है। गोपाल गंज सब्जी मंडी में सड़क के दोनों तरफ दुकाने लगी होने से दस फुट जगह भी नहीं बचती कि लोग आराम से आवागमन कर सकें। खरीददारी करने वालों को भी दिक्कत होती है पर इसकी फिक्र दुकानदारों को नहीं रहती है। लोगों को मजबूरी में खरीददारी करने आना ही पड़ता है। इसी तरह हर फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में आ चुका है।
अतिक्रमण की दिक्कत की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कोई भी स्थान ऐसा नहीं मिलता है जहां लोग बेफिक्र होकर आराम से आवागमन कर सकें। फुटपाथों और सड़कों पर कब्जे की वजह से शहर के बाशिंदे जाम की समस्या का सामना करते हैं। लोगों का कीमती समय जाम की भेंट चढ़ जाता है साथ में परेशानी भी झेलनी पड़ती है। आने जाने में पैदल राहगीरों को दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। व्यस्त यातायात के बीच से लोगों को निकलना पड़ता है। इससे बूढ़े बुजुर्ग तो घर से निकलते ही नहीं है। वाहनों की भरमार में अपने को बचाना किसी मुसीबत से कम नहीं है। शहर में कोई स्थान इस तरह का नहीं है जिसे अतिक्रमण से मुक्त कहा जा सकता हो। मोहल्ला गोपाल गंज में सब्जी मंडी में भारी दिक्कत लोगों को होती है। दोनों तरफ सब्जी विक्रेता काबिज हो जाते हैं। जहां पर सब्जी की दुकानें नहीं लगती है वहां पर स्थाई दुकानदार अपना तामझाम फैला देते हैं। इससे सड़क पर चलना दूभर होता है। हालत यह रहती है कि लोग पैदल भी नहीं निकल पाते हैं लेकिन घर गृहस्थी की जरूरी सामग्री और सब्जी खरीदने तो लोगों को आना ही पड़ता है। इस मजबूरी का फायदा दुकानदार उठाते हैं। जिम्मेदारों को यह मालूम है कि अतिक्रमण की समस्या से शहर जूझ रहा है लेकिन प्रभावी कार्रवाई करने का मन वह नहीं बना पाते हैं। इस शिथिलता की वजह से समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है।

क्या कहते जिम्मेदार
शहर में अतिक्रमण की समस्या गंभीर है इसको लेकर पूरी योजना तैयार की गयी है। जल्दी ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाये जायेंगे। किसी को भी सरकारी जमीन पर कब्जा करने का हक नहीं है। -पीके सक्सेना सिटी मजिस्ट्रेट

पुलिस भी अतिक्रमण को लेकर गंभीर है। अभियान में जब भी जरूरत पड़ेगी पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जायेगा। शहर का अतिक्रमण हर हाल में साफ होगा इसको लेकर अधिकारियों से बात हो चुकी है।
-डा. जंग बहादुर सिंह यादव सीओ सिटी

अतिक्रमण हटाने के लिए स्थान चिन्हित करने के साथ ही पूरी कार्ययोजना भी तैयार कर ली गयी है। अधिकारियों की व्यस्तता के चलते अभियान नहीं चल पाया लेकिन जल्दी ही अभियान चलेगा।
-रविंद्र कुमार अधिशाषी अधिकारी (न.पा.)

Leave a comment