15orai06कोंच-उरई। पिछले सालों में कराई गई जनगणना में कतिपय महत्वपूर्ण तथ्य जोडने के लिये चलाये जा रहे अभियान के तहत प्रगणकों को आज एनपीआर (राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर) के तहत एसडीएम संजयकुमार सिंह व तहसीलदार जितेन्द्रपाल ने प्रशिक्षण प्रदान करते हुये कहा कि जो भी कार्य उन्हें सौंपा जा रहा है उसे सप्ताह भीतर पूरा तो करना ही है, त्रुटिरहित पूरा करना है। उन्होंने बताया कि जो भी संशोधन करना है वह लाल स्याही से करना है और अगर कोई नया नाम बढता है तो उसके लिये निर्धारित प्रपत्र पर ही प्रविष्टि करें।
तहसील प्रांगण में 139 प्रगणकों को एसडीएम संजयकुमार सिंह व तहसीलदार जितेन्द्रपाल ने प्रशिक्षण के दौरान कार्य की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिन प्रगणकों को जो ब्लॉक दिये गये हैं उनमें डोर टु डोर जाकर गंभीरता के साथ परिवारों के हर व्यक्ति के बारे में पुख्ता जानकारी हासिल करना है और जो अभिलेख उनके पास हैं उनसे अच्छी तरह उनका मिलान करना है। अगर कोई रद्दोबदल करना है तो लाल स्याही का प्रयोग करें और नई प्रविष्टि के लिये निर्धारित प्रपत्र पर प्रविष्टियां अंकित करें। उन्होंने बताया कि कुल 557 ब्लॉक हैं और एक ब्लॉक में पंद्रह सौ के आसपास परिवारों का सर्वे करना है। एसडीएम ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति का आधार नंबर, आधार न होने की दशा में ईआरडी जरूर लें, इसके अलावा मोबाइल नंबर भी अंकित करें। मृतकों के नाम हटाना है और नवजात शिशुओं की प्रविष्टि निर्धारित प्रपत्र पर करना है। इस दौरान लेखपाल प्रेमनारायण मिश्रा, नरेन्द्रसिंह यादव, राजेन्द्रसिंह, रामसिंह, देवेन्द्र, जाहरसिंह, नरेन्द्रसिंह पटेल, कृष्णगोपाल सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।सस्ते में निपटा तहसील दिवस
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत सभी स्तर के पंचायत चुनावों की संपन्नता के बाद चुनाव आचार संहिता खत्म हो गई और आज तहसील दिवस का आयोजन एसडीएम की अध्यक्षता व सीओ मनोजकुमार गुप्ता की मौजूदगी में निपटा। तहसील दिवस आयोजित होने को लेकर लोगों को जानकारी नहीं होने के कारण आयोजन बिल्कुल सस्ते में निपट गया और वमुश्किल नौ शिकायतें ही इसमें दर्ज की जा सकीं। इनमें सीवर सफाई, ओला वृष्टि और अतिवृष्टि का मुआबजा दिये जाने, गांव सभा की भूमि पर बलात् अतिक्रमण कर लिये जाने जैसी समस्यायें आईं जिन्हें समय के भीतर निस्तारित करने के निर्देशों के साथ संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।

Leave a comment