उरई। पेयजल संकट से जूझ रहे चुर्खी बाईपास बस्ती के बाशिंदों ने आज कलेक्ट्रेट में जमकर हंगामा काटा और जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर प्रशासन को चेताया कि अगर दो दिन के अंदर उनकी समस्या हल न हुई तो वे लोग मुख्यमंत्री के आने पर उनके सामने प्रदर्शन करके अपना विरोध जतायेंगे।
चुर्खी बाईपास के पास बसी नई बस्ती में गत् ग्रीष्म मौसम के पहले से ही पेयजल संकट छाया हुआ था। लेकिन प्रशासन ने इसकी परवाह नही की। बारिश में न के बराबर पानी गिरने से इस मोहल्ले पर सबसे बुरा असर पड़ा है जिससे यहां के सारे घरेलू हैंडपंप ठप्प हो गये हैं। फिर भी प्रशासन नही चेत रहा। इसलिए आज कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करके मोहल्ले के बाशिंदों ने उग्र तेवर दिखाये जिससे अधिकारियों में खलबली मच गई। प्रदर्शनकारियों में ज्यादातर महिलाएं थी। गुरुदयाल, हरीशंकर, मायादेवी, कपिल, दुर्गा प्रसाद, जयसिंह, प्रहलाद सिंह, सुनील कुमार, रामदास, माता प्रसाद जाटव, रियाज, मीरा, देवी वर्मा, सुनीता, मालती आदि प्रदर्शन में मुख्य रूप से शामिल रहे।






Leave a comment