उरई। कांशीराम कालौनी के बाशिंदों ने बुधवार को कालौनी में पानी और बिजली की समस्या को लेकर उरई कोंच रोड जाम कर दिया। लगभग 2 घंटे तक चले इस जाम की वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पहुंची पुलिस ने बल पूर्वक जाम हटवा दिया।
मायावती सरकार में शहर के आवासहीन गरीबों के लिए सभी बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित कालौनी कांशीराम शहरी विकास योजना के अंतर्गत यहां कोंच रोड पर विकसित की थी। जिसमें डेढ़ हजार से अधिक फ्लैट बने हुए हैं और 15 हजार से अधिक आबादी रह रही है। वर्तमान सरकार द्वारा कालौनी के बाशिंदों के साथ सौतेला व्यवहार किये जाने का आरोप है। कालौनी में सबसे गंभीर समस्या पेयजल की है। यहां 65 में से 58 हैंडपंप खराब हो चुके हैं। तीसरी मंजिल तक रहने वालों को पानी ढोकर ले जाना पड़ता है। खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए प्रशासन कोई ध्यान नही देता। जब कालौनी वाले आपस में चंदा करके मिस्त्री बुलाते हैं तभी हैंडपंपों की मरम्मत हो पाती है। इस समय जबकि बरसात के मौसम में रहे पूरी तरह सूखे की वजह से शहर और आसपास के इलाकों में प्रति सप्ताह 1 फीट जलस्तर नीचे जा रहा है। पहले से ही भूमिगत् जलस्तर काफी गहरा होने के कारण कांशीराम कालौनी में हाहाकार मचा हुआ है। इसके साथ ही बिजली के भारी भरकम बिल आ जाने से कालौनी के बाशिंदे मुसीबत में पड़ गये हैं। आवासों की छतें टपकने लगी हैं। सीवरेज व्यवस्था भी दगा दे गई है।
कालौनी के बाशिंदे अपनी समस्याओं की फरियाद उच्चाधिकारियों के सामने ले जाते थक चुके हैं। आज हारकर कालौनी के बाशिंदों ने दोपहर में उरई कोंच रोड पर कालौनी के मुख्य द्वार के सामने जाम लगा दिया। इसमें बड़ी संख्या में महिलायें शामिल थी। उन्होंने सड़क पर झाड़-झंकाड़ डाल दिये ताकि कोई वाहन निकल न पाये। इसके बाद वे सड़क पर ही धरना देकर बैठ गई। जाम की वजह से दोपहिया वाहन चालकों तक को मुसीबत का सामना करना पड़ा। वे दांये बांये की पगडंडियों से निकलते देखे गये। कई बाइक सवार इस जददो जहद में गिरकर चुटहिल भी हो गये।
लगभग दो घंटे बाद पुलिस फोर्स पहुंचा। उसने दबंगों की मदद से जाम लगाये कालौनी के बाशिंदों को बल पूर्वक खदेड़ दिया। तब कही जाकर जाम खुल सका।
बेशरम के लगोदों से पिटा दरोगा
जाम खुलने के पहले पुलिस और भीड़ में हल्की नोंकझोंक भी हुई। जबरन जाम के बीच से निकलने की कोशिश कर रहे एक बाइक सवार के कुछ महिलाओं ने पीछे से डंडे मारे तो कांशीराम कालौनी के चैकी इंचार्ज जितेंद्र ने उन्हें ललकारने की गलती कर दी। जिसके बाद महिलाएं उनकी ओर मुड गई और वे कुछ समझ पाते इसके पहले ही उन पर बेशरम के लगोदा बरसना शुरू हो गये। चार-पांच मिनिट में ही उनकी पीठ लाल हो गई और वे जब महिलाओं से गिड़गिड़ाने लगे तब महिलायें पसीजीं।






Leave a comment