0 पूर्व काबीना मंत्री दादा बाबूराम के निधन से भाजपा में शोक
कोंच-उरई। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री दादा बाबूराम एमकॉम के निधन पर भारतीय जनता पार्टी कोंच की नगर इकाई की शोक सभा अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के आवास पर हुई। जिसमें जिला जालौन के इस राजनैतिक पुरोधा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की कामना की गई।
इस अवसर पर भाजपाइयों ने अपने संबोधन में दादा बाबूराम को पार्टी का आधार स्तंभ बताते हुये कहा कि उन्होंने इस जनपद में ही नहीं अपितु समूचे बुंदेलखंड में भाजपा को जो दिशा दी उसके बदौलत वे पार्टी के पर्याय बन गये। उन्होंने अपने जीवन में कभी भी जातिवाद, वर्गवाद या क्षेत्रवाद जैसी संकीर्ण अवधारणाओं से ऊपर उठ कर सर्वे भवंतु सुखिनाः की अवधारणा को पोषण दिया जिसके कारण वे सभी लोगों के अति प्रिय और अति निकट हो गये थे। उनका निधन न केवल पार्टी के लिये अपूरणीय क्षति है बल्कि बुंदेलखंड ने एक नीतिवान नेता खो दिया है। आज के राजनैतिक दौर में ऐसे विरले ही व्यक्तित्व हैं जो समाज की धुरी के रूप में कार्य कर पाते हैं। शोकसभा में सुनील शर्मा, सुनीलकांत तिवारी, प्रदीप गुप्ता, अमित उपाध्याय, नरेश वर्मा, डीके सोनी, श्यामविहारी गुप्ता, अशोक नगरिया, अमित सोनी, मनीष शुक्ला, धर्मेन्द्र राठौर, विनोदकुमार सिंह गुर्जर, कैलाश मिश्रा, कमलेश चोपड़ा, ब्रजेन्द्र कुशवाहा, हबीब कुरैशी मैम्बर, आशुतोष मिश्रा आदि सम्मिलित हुए। सांसद भानु प्रताप सिंह वर्मा, बारसंघ कोंच अध्यक्ष विनोद अग्निहोत्री, बारसंघ के पूर्व बरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील लोहिया पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया, सांसद प्रतिनिधि अनुरूद्ध मिश्रा आदि ने भी दादा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। सांसद के पीआरओ केके खरे ने जानकारी दी है कि कल दादा के अंतिम संस्कार में सांसद भी हिस्सा लेंगे। इधर, डॉ. वीरेन्द्रस्वरूप जूनियर हाईस्कूल में भी प्रधानाचार्या इंदिरा द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न शोकसभा में दिवंगत आत्मा की शांति के लिये दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान डॉ. एलआर श्रीवास्तव, लल्लूसिंह अग्रवाल, शशि मिश्रा, रमा खरे, अरूणा छावला आदि मौजूद रहे।






Leave a comment