उरई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता रीता बहुगुणा ने आरोप लगाया है कि भाजपा सांसद डाॅ सुब्रमण्यम स्वामी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी पार्टी के शिखर नेताओं को परेशान करने के लिए नेशनल हेरल्ड मामले में मुकदमा दायर कराया है। जिसमें कोई तथ्य सही नही हैं। उन्होंने कहा कि एजीएल की कोई संपत्ति और धन यंग इण्डिया को ट्रांसफर नही किया गया। 19 दिसंबर को सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मामले में अदालत के सामने पेश होकर सारे तथ्य रखेंगे। नेहरू गांधी परिवार ने देश भक्ति के लिए कई संकट और चुनौतियों का सामना पहले भी किया है। उस परिवार के नेता केंद्र सरकार की साजिशों से डरने वाले नही है।
स्थानीय नहर निरीक्षण भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में रीता बहुगुणा ने कहा कि भाजपा की मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित तमाम सरकारों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं लेकिन सुब्रमण्यम स्वामी उनके खिलाफ केस दायर क्यों नही करते। भाजपा केवल कांग्रेस और विरोधी दलों की सरकारों के पीछे पड़ी है। कभी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के घर छापा डलवाया जाता है। तो दो दिन पहले दिल्ली सरकार के कार्यालय पर छापा डाला गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपना कोई भी वायदा पूरा करने में विफल रही है। जिससे जनता में उसके प्रति नाराजगी बढ़ रही है। इसी से ध्यान बटाने के लिए वह प्रतिद्वंदी नेताओं को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा के फासिस्ट कारनामों की वजह से देश में लोकतंत्र के लिए जबर्दस्त खतरा पैदा हो गया है।






Leave a comment