0 लेखपाल संघ ने मांगों को लेकर 11 सूत्रीय ज्ञापन दिया एसडीएम को
18orai09कोंच-उरई। राष्ट्रीय जनगणना कार्य में ऊलजलूल तरीके से डयूटी लगाये जाने को लेकर खफा लेखपालों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुये मांग की है कि लेखपालों की ड्यूटी क्षेत्रवार न लगी होने के कारण उन्हें कार्य करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं लिहाजा उनकी ड्यूटी क्षेत्रवार तरीके से लगाई जाये। इसके अलावा अन्य और भी कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने 11 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम संजयकुमार सिंह को दिया है।
शुक्रवार को उत्तरप्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा कोंच की बैठक तहसील सभागार में अध्यक्ष प्रेमनारायण मिश्रा की अध्यक्षता व मंत्री कमलेशचंद्र के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मांग पत्र का ड्राफ्ट तैयार किया गया और एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि प्रतिमाह वेतन का भुगतान माह के अंतिम सप्ताह तक किया जाता है जिससे लेखपालों के दैनिक पारिवारिक खर्च में व्यवधान रहता है, उसे समय से माह के पहले सप्ताह में भुगतान कराया जाये। राष्ट्रीय जनगणना में ड्यूटी लेखपालों के क्षेत्रवार लगाई जाये जिससे कार्य करने में असुविधा न हो। प्रभारी राजस्व निरीक्षक कोंच कैलिया, नदीगांव, पिरौना का विगत चार माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है, भुगतान किया जाये।
उन्होंने यह भी मांग की कि लेखपालों के बोनस का भुगतान कराया जाये, लेखपालों की जीपीएफ की पासबुकें अध्यावधिक कराई जायें व अन्य तहसीलों से लेखपालों की सर्विस बुकें मंगवा कर अध्यावधिक कराई जायें। जिन लेखपालों की एसीपी स्वीकृत हो चुकी है, फिक्सेशन करके माह दिसंबर के वेतन में लगाया जाये, लेखपालों को समय से खसरा जेडए फॉर्म (पक-3) उपलब्ध नहीं कराये जाते हैं तथा लेखपाल की दिनचर्या बही भी उपलब्ध कराई जाये। साप्ताहिक मीटिंग शीत ऋतु में शाम 3 बजे तक संपन्न कर ली जाये तथा लेखपालों की बढी हुई 6 प्रतिशत किश्त का एरियल बना कर जीपीएफ में अंकित कराया जाये। अंत में रजिस्ट्रार कानूनगो अशोककुमार की माताजी तथा लेखपाल प्रदीपकुमार के पिताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एसडीएम संजयकुमार सिंह, तहसीलदार जितेन्द्रपाल, रजिस्ट्रार कानूनगो राजेन्द्र दूरवार, बलरामसिंह, प्रभाकर श्रीवास्तव, कृष्णपालसिंह, राजेन्द्र वर्मा, सुरेश खरे, रामविहारी राठौर, मुलूप्रसाद, बालकृष्ण, प्रेमकिशोर, रमेशचंद्र, कौशलराज, राजेश शर्मा, महेन्द्र निरंजन, रामसिंह, अशोक राजपूत, बाबूलाल, रामकुमार, अशोककुमार, कालूराम, नरेन्द्र यादव, गिरिराज शर्मा, उदितनारायण वोहरे, अजय शर्मा, निर्भय, पूर्वी तिवारी आदि मौजूद रहे।इलाके में भूख से न हो कोई मौत-एसडीएम
18orai10कोंच-उरई। एसडीएम ने आज शासन के आदेशों निर्देशों से लेखपालों को अवगत कराते हुये साफ जता दिया दिया है कि इस बात पर गहराई से नजर रखें कि उनके इलाके में किसी की भी मौत भूख से कतई न होने पाये। यह बात उन्होंने लेखपालों की साप्ताहिक बैठक के दौरान कही।
तहसील सभागार में एसडीएम संजयकुमार सिंह की अध्यक्षता में लेखपालों की साप्ताहिक बैठक संपन्न हुई जिसमें उन्होंने लेखपालों को निर्देश दिये कि बंटवारे के संबंध में समय से कुरे दाखिल करें। उन्होंने जनगणना कार्य में भी तेजी लाने के लिये निर्देशित किया। एसडीएम ने आय जाति प्रमाण पत्रों में समय से रिपोर्टें लगाने आवासों और तालाबों के पट्टे आवंटित करने के लिये कहा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अपने अपने इलाकों में इस बात पर गौर करें कि भूख से कोई मौत न होने पाये। एसडीएम ने बीएलओज को इंगित करते हुये कहा कि 20 दिसंबर को बूथ दिवस पर सभी बीएलओ अपने अपने बूथों पर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक मौजूद रह कर मतदाता सूचियों में नये मतदाताओं को जोडने तथा अन्य संशोधन करने का काम करें।

Leave a comment