0 हेराल्ड मामले में कांग्रेसियों ने नईबस्ती तिराहे पर फूंका मोदी का पुतला
कोंच-उरई। कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी और पार्टी के युवराज राहुल गांधी को हेराल्ड मामले में कोर्ट द्वारा की गई तलबी को कांग्रेसियों ने सियासी रंग देकर आज अपनी भड़ास पीएम नरेन्द्र मोदी पर निकाली और उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुये जुलूस भी निकाला और उनका पुतला भी फूंका। मजेदार यह है कि मोदी का पुतला फुंकता रहा और प्रशासन अनजान बना रहा।
नेशनल हेराल्ड मामला अब सियासी रंग ओढ चुका है, कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल के इसमें बाबस्ता होने और कोर्ट द्वारा की जा रही कार्यवाही को भी कांग्रेसियों ने राजनीति के चश्मे से देखते हुये इसे पीएम मोदी का षड्यंत्र बताते हुये कहा है कि यह सब कुछ केन्द्र सरकार के इशारे पर हो रहा है। इस मामले को लेकर आज कांग्रेसियों ने मियांगंज से भाजपा और नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुये जुलूस निकाला और नईबस्ती तिराहे पर जाकर प्रधानमंत्री का पुतला जो उन्होंने हाथों में उठा रखा था, फूंक दिया। इतना सब कुछ होता रहा और प्रशासन अनजान ही बना रहा। जब पुतला फुंक गया तब उसके आधे घंटे बाद एक दरोगा और दो सिपाही मौके पर पहुंचे जहां न उन्हें कांग्रेसी ही मिले और न पुतला। इस दौरान पार्टी नगर अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम, संतलाल अग्रवाल, प्रियाशरण नगाइच, प्रमोद शुक्ला, हाजी सेठ नसरूल्ला, हाजी मोहम्मद अहमद, गुड्डू अवस्थी, लालप्रताप सिंह, अखिल वैद, रामकिशोर पुरोहित, काजी जाहिद, सभासद राघवेन्द्र तिवारी, अनिल पटैरया, ओमी कुशवाहा, डॉ. ब्रजमोहन राठौर, विशाल अहमद कैफी, वैभव अग्रवाल, नवलकिशोर जाटव आदि मौजूद रहे।






Leave a comment