कोंच-उरई। मोहम्मद साहब के जन्म दिवस 24 दिसंबर को लेकर आज कोतवाली में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई जिसमें प्रशानिक अधिकारियों ने लोगों से मिलजुल कर त्योहार मनाने का आह्वान करते हुये कहा कि पर्वों और त्योहारों का सही आनंद तभी है जब इसे समाज के सभी लोग मिल जुल कर मनायें। यहां की गंगा जमुनी तहजीब हमें आपस में मेलजोल के साथ रहना सिखाती है और कोंच के अमन पसंद लोग इस स्थापित परंपरा को आगे ले जाने में कतई पीछे नहीं हैं।
कोतवाली कोंच में एसडीएम संजयकुमार सिंह की अध्यक्षता एवं सीओ मनोजकुमार गुप्ता की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 24 दिसंबर को होने वाले मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर यहां निकाले जाने बाले जुलूस को लेकर कस्बे के लोगों से अमन चैन के साथ त्योहार मनाने की गुजारिश करना था। जुलूस आयोजित करने वाली संस्था तंजीम गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी के लोगों से अधिकारियों ने जुलूस आदि के रूट तथा समय के बाबत जानकारी लेने के बाद जुलूस में पेश आने बाली दिक्कतों के बारे में पूछा। लोगों ने बिजली पानी और सफाई के अलावा आवारा घूमने वाले सुअरों का मुद्दा उठाया जिस पर अधिकारियों ने उन्हें बेहतर से बेहतर व्यवस्था दिलाने के भरोसे के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी ताकीद कर दी है कि पर्व में किसी भी प्रकार की अड़चन न आने पाये। एसडीएम व सीओ के अलावा कोतवाल रूद्रकुमार सिंह ने भी लोगों का आह्वान किया कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे दूसरों को दिक्कत हो और परस्पर सौहार्द में खलल पड़े। इस दौरान पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रियाशरण नगाइच, जेई विद्युत वीपी शर्मा, सेनेट्री इंसपेक्टर नपा अभयसिंह, एसएसआई हरेन्द्रसिंह, एसआई रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी, राजवीर सिंह, दिनेश यादव, कढोरेलाल यादव, शहर काजी बशीरउद्दीन, समद खां लंबरदार, सपा नगर अध्यक्ष गुफरान अहमद, मोहनसिंह यादव डंपी, अजय रावत, कांग्रेस अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम, मोहम्मद अहमद, सभासद राघवजी गुर्जर, फहीम, शकील मकरानी, सईद अहमद खन्ना, मल्लूशाह, तआरूफ हुसैन, अनवार खलीफा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।






Leave a comment