0 बढ़ती गलन के साथ पालिका ने लगवाये अलाव
कोंच-उरई। कड़कड़ाती सर्दी में कल शनिवार को राहत बख्श मौसम का मिजाज आज फिर बिगड़ गया। सबेरे से ही सर्द हवाओं ने अपनी चाल तेज कर दी जिसके चलते ठंडी का मिजाज और भी सर्द हो गया, पारे के बैरोमीटर में लगातार नीचे की तरफ खिसकने के कारण लोगों की मुसीबतें और भी बढ गई हैं और वे अलावों के गिर्द सिमटने को मजबूर हुये हैं। पालिका प्रशासन ने लोगों की इस मुसीबत को भांप कर नगर में कई जगह अलावों की व्यवस्था की है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है।
हालांकि सबेरे से ही धूप खिल गई थी और मौसम सुकून भरा हो गया था, लेकिन सर्द हवाओं लोगों को दांत किटकिटाने के लिये मजबूर कर दिया और गलन भरी ठंड ने लोगों को रूला कर रख दिया गनीमत यह है कि अभी कोहरे ने अपनी चादर नहीं तानी है जिसके कारण दिन चढते चढते सूरज की गुनगुनी धूप लोगों को राहत दे रही है। लेकिन शाम के वक्त लंबी होती परछाइयों के साथ सर्दी फिर अपने पूरे शबाब पर आ गई और गलन भरी ठंड ने लोगों को अलावों के गिर्द सिमटने के लिये मजबूर कर दिया। मुसीबत की इस घड़ी में गरीबों का सहारा माने जाने बाले अलावों की व्यवस्था पालिका प्रशासन ने समय रहते कर दी है, चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया ने चंदकुआ चैराहे पर अपने हाथों अलाव जला कर इनकी शुरूआत की है। उन्होंने बताया कि कस्बे के मुख्य मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर बिला नागा अलाव लगवाये जा रहे हैं। इस दौरान सभासद बादामसिंह कुशवाहा, राघवेन्द्र तिवारी, संजय सोनी, महावीर यादव, अनुराग गुप्ता, राघवजी गुर्जर, मनोज इकडया आदि मौजूद रहे।






Leave a comment