उरई। नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने के पूर्व सोमवार को दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी रामगणेश द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आहूत की गई है।
समाजवादी पार्टी की ओर से फरहा नाज को जिला पंचायत अध्यक्ष का उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है। जबकि दूसरे दल नामांकन तक के लिए पर्याप्त सदस्य संख्या न होने की वजह से सत्तारूढ़ पार्टी में से किसी विभीषण के निकलने का इंतजार मुकाबले की तैयारी के लिए कर रहे हैं। इसी दांवपेंच के बीच प्रशासन ने उक्त बैठक आहूत कर दी जबकि इससे तमाम महत्वाकांक्षी सदस्यों के छिपे पत्ते उजागर होने की नौबत आ सकती है। क्या इससे बचने के लिए ज्यादातर सदस्य बैठक से किनारा तो नही कर जायेगें। यह सवाल भी राजनैतिक हल्कों में जोरों से पूंछा जा रहा है।
इसी बीच पंचायती राज विभाग ने जानकारी दी है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए चुनाव खर्च की सीमा दो लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दी गई है। हालांकि यह औपचारिक खर्च सीमा जिला पंचायत अध्यक्ष के खर्चीले चुनाव के परिप्रेक्ष्य में हास्यास्पद मानी जा रही है।






Leave a comment