0 केंद्र प्रभारी पर जमकर बरसे, सदस्यों को भी नही बख्शा
0 कहा यहां निपटायें गये मामलों से जुड़ी महिलाएं घर जाकर कर लेती आत्महत्यायें
20orai01उरई। पुलिस लाइन में चल रही परिवार परामर्श केंद्र की कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मामले में पति पक्ष के साथ आये वकील ने केंद्र की प्रभारी पर जोरों से बरसना शुरू कर दिया। वकील के तेवर से हतप्रभ गैर सरकारी सदस्यों ने उनका विरोध किया लेकिन उक्त वकील किसी की एक भी सुनने को तैयार नही हुए।
मामला डकोर थाने के गढ़ा निवासी सोनू पुत्र बृजलाल का था जिसने छह महीने पहले शहर के इंद्रा नगर मोहल्ला निवासी सावित्री से कोर्ट मैरिज की थी। बताया गया है कि सोनू ट्रक चलाता था। लेकिन कुछ महीने पहले उसने ड्राइवरी छोड़कर गांव रहना शुरू कर दिया था। इस दौरान सावित्री और उसमें विवाद होने लगा। सावित्री ने परिवार परामर्श केंद्र में शिकायत दायर की थी कि सोनू ने जबरन उसको घर से निकाल दिया है और उसे अपने साथ न रखने की कह रहा है जिससे उसका जीवन बर्बाद होता दिखने लगा है।
सावित्री की शिकायत पर परिवार परामर्श केंद्र की ओर से सोनू को पेशी के लिए नोटिस भेजा गया। सोनू अपने साथ अपने वकील रविंद्र सिंह को लेकर केंद्र में पहुंचा। रविंद्र सिंह ने आते ही परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी रजनी मिश्रा को झाड़ना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि आप यहां किस अधिकार से सुनवाई करती हैं। यहां जो मामले निपटाये गये हैं उनमें से कई में औरतों ने घर जाकर आत्महत्या कर ली। यह स्वयंभू अदालत बंद की जाये वरना मैं तुम्हें यहां से चलता कर दूंगा। पहली बार ऐसी स्थिति का सामना करने की वजह से रजनी मिश्रा अवाक रह गई। परिवार परामर्श केंद्र के अन्य सदस्य वकील रविंद्र सिंह के इस हस्तक्षेप पर आपत्ति करने लगे तो रविंद्र सिंह उनसे भी बिगड़ने में नही चूके।
उधर परिवार परामर्श केंद्र में आज रईसा पत्नी भानू निवासी मोहल्ला चिमन दुबे जालौन, रजनी पत्नी रामनारायण मूल निवासी गरदौली कालपी हाल मुकाम रामचबूतरा मोहल्ला कालपी, सरिता पनयारा, आशा देवी मोहम्मदाबाद और कविता मोहल्ला तुलसी नगर उरई सहित 14 वैवाहिक विवाद का निस्तारण किया गया।

Leave a comment