उरई। मौनी बाबा मंदिर के पास सटोरियों के अडडो पर आज अचानक पुलिस की जोरदार दबिश से खलबली मच गई। कार्रवाई में सटटा खिलवाने और खेलने वाले आठ लोग पुलिस ने दबोचे। बाद में शहर भर में इनका जुलूस निकालते हुए इन्हें कोतवाली लाया गया ताकि शर्मिंदा होकर यह इस धंधे से नमस्ते कर लें।
शहर में बजरिया से लेकर मौनी बाबा मंदिर तक सटटे का कारोबार पसर चुका है। इसे लेकर चारों तरफ से पुलिस पर उंगलियां उठनी शुरू हो गई थी। जिससे बौखलाकर प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना ने धावे की तर्ज पर सटोरियों पर मौनी बाबा मंदिर पहुंचकर अचानक हल्ला बोल दिया। कार्रवाई में उनके साथ एसआई अरुण तिवारी, मनोज गुप्ता और संग्राम सिंह सहित कई हमराह सिपाही थे।
पुलिस के औचक पहुंचने से सटोरियों को संभलने का मौका नही मिल पाया। तत्परता पूर्वक घेराबंदी करके पुलिस ने आठ लोगों को अडडे से दबोचा। जिनमें अजय कुमार निवासी तुफैलपुरवा, विनोद कुमार निवासी कांशीराम काॅलौनी, रामप्रकाश निवासी हथेरी जालौन, कालीचरण निवासी मोहल्ला गांधीनगर उरई, मुन्ना गुप्ता निवासी कांशीराम काॅलौनी उरई, विशंभर निवासी बढ़पुरा थाना अजीतमल, शरीफ निवासी मोहल्ला गणेश गंज उरई, बिहारी निवासी पिरौना और कमलेश कुमार निवासी मोहल्ला तुलसी नगर उरई शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 4200 रुपया, पांच मोबाइल, पांच सटटा पर्ची, पेन आदि बरामद किये। पुलिस ने जब इनका जुलूस निकाला तो सड़क पर दोनों ओर भीड़ जमा हो गई।






Leave a comment