0 कोंच में 16 व नदीगांव में 19 प्रधान नहीं ले सके शपथ
कोंच-उरई। हालिया निपटे पंचायत चुनाव के बाद नये ग्राम प्रधान ग्राम सभाओं के विकास की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिये पैडअप हो चुके हैं। आज सामूहिक रूप से उन्हें और उनके पंचायत सदस्यों को ब्लॉक कार्यालयों में शपथ दिला दी गई है, लेकिन दोनों ब्लॉकों में अभी भी 5 ग्राम प्रधान ऐसे हैं जिन्हें काम काज देखने के लिये थोड़ा इंतजार करना होगा। कारण, ग्राम सभा के गठन के लिये दो तिहाई सदस्यों का नहीं चुन कर आ पाना और ग्राम पंचायत का गठन नहीं हो पाना है।
देश की छोटी संसद ग्राम पंचायतों में आज से विकास की बागडोर नये चुन कर आये प्रधानों के हाथों में आ गई है। रविवार को कोंच ब्लॉक के प्रधानों का शपथ ग्रहण खंड विकास कार्यालय कोंच और नदीगांव ब्लॉक के प्रधानों का खंड विकास कार्यालय नदीगांव में समारोह पूर्वक संपन्न हो गया। ब्लॉक कोंच की कुल 62 ग्राम सभाओं में मात्र 46 प्रधानों और उनके ही ग्राम पंचायत सदस्यों को बीडीओ बब्बन राय ने पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान गांव के विकास की धुरी है, उसे ग्राम सदस्यों ही नहीं बपितु गांव के अन्य लोगों के साथ मिल कर गांवों के विकास का खाका तैयार करना है और इस कार्य में ब्लॉक कार्यालय अपने पूरे स्टाफ के साथ उनका सहयोग करने के लिये सदैव तत्पर है। कोंच में ऐसी 16 ग्राम सभायें अभी ऐसी हैं जहां ग्राम पंचायतों का गठन पर्याप्त सदस्य संख्या नहीं होने के कारण नहीं हो सका है, इन प्रधानों को अभी अपना कामकाज संभालने के लिये थोड़ा इंतजार करना होगा। इस दौरान सुमन भरसूंड़ा, शीला गुमावली, कृष्णकुमार जखौली, संगीता बस्ती, अवधकिशोर भदेवरा, राजेन्द्रसिंह कुंवरपुरा, अवधकिशोर छानी, जीतूकुमार फुलैला, शांतिप्रकाश सुनायां, राजकुमार किसुनपुरा, पवन परैथा, जगदीश वोहरा, डॉलीराजा जुझारपुरा, शशिदेवी सामी, मूर्ति भड़ारी, अवधविहारी गुप्ता हिंगुटा, डिंपल पिंडारी, भूरीदेवी घुसिया, प्रतिमादेवी ताहरपुरा, अरविंद कुमार निरंजन पनयारा, गुलाबसिंह सिमिरिया, भावना अग्निहोत्री पचीपुरी, अंतूसिंह कूंड़ा आदि ने शपथ ली। उधर, नदीगांव में कुल 76 प्रधानों के सापेक्ष केवल 57 प्रधान ही शपथ ले सके, यहां भी सदस्यों की अपर्याप्त संख्या के कारण 19 पंचायतें गठन होने से रह गई हैं। यहां बीडीओ गणेशप्रसाद ने सभी को शपथ दिलाई।






Leave a comment