21orai05माधौगढ़-उरई। अवैध रूप से निर्मित गुटखे की खेप ले जाते हुए चार पहिया ठिलिया को पुलिस ने आज पकड़ लिया। इसके बाद पूरे कस्बे में हलचल मच गई। सफेद पोशों की ओर से पकड़े गये माल को छोड़ने के लिए पुलिस पर भारी दबाव बनाया जा रहा था।
माधौगढ़ क्षेत्र की सीमा मध्य प्रदेश से लगती है। जिसके कारण यहां पिछले कुछ वर्षो से बड़े पैमाने पर गुटखा बनाकर महाराजपुरा जैसे निर्जन रास्तों से पड़ोसी राज्य में सप्लाई का व्यापार चल रहा है। जिसके चलते कुछ ही दिनों में इसके संचालक खाक पति से करोड़ पति बन चुके हैं।
आज जब गुटखे की एक बड़ी कंसाइनमेंट फैक्ट्री से निकालकर बस में लादने के लिए चार पहिया ठिलिया से ले जाई जा रही थी। तभी कुछ लोगों ने शोर कर दिया और वे पुलिस को बुला लाये। जिससे यह गुटखा मौके पर पकड़ लिया गया।
लेकिन इस कार्रवाई के बावजूद गुटखा संचालक पर शायद ही कोई आंच आ पाये। उसके सफेद पोश पैरोकार कार्रवाई की सूचना मिलते ही थाने में मड़राना शुरू हो गये थे। उनका पुलिस से आग्रह किसी भी कीमत पर गुटखा छोड़ देने का था और यह संभव न हो तो ठिलिया वाले के खिलाफ लिखा-पढ़ी करके मामला रफा-दफा करने की बात ही मान जाने की इल्तिजा वे पुलिस से करने में लगे हुए थे। पुलिस भी उनके इसरार से पसीजती नजर आ रही थी।

Leave a comment