उरई। नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों की निगाह में पुलिस से सुरक्षा नही समस्या का खतरा है। उन्होंने आज जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुलाई गई बैठक में पुलिस सुरक्षा लेने से दो टूक इंकार करते हुए कहा कि अगर प्रशासन निष्पक्ष चुनाव चाहता है तो वह खाकी वालों को चुनाव होने तक उनके दरवाजे पर फटकने न देना सुनिश्चित करे।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी रामगणेश ने आज सभी नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आहूत की लेकिन 25 सदस्यों में से केवल 13 का ही प्रतिनिधित्व इसमें हुआ। उस पर तुर्रा यह है कि महिला जिला पंचायत सदस्य पहली ही बैठक में किनारा कर गई और उनके स्थान पर उनके पति बात कहने पहुंचे।
बैठक में जैसे ही पुलिस सुरक्षा का प्रस्ताव सदस्यों के लिए किया गया सदस्य भड़क गये। उन्होंने कहा कि हमें बिल्कुल पुलिस नही चाहिए। कुछ सदस्यों ने पुलिस सुरक्षा के बहाने उनके मूवमेंट की जासूसी का अंदेशा व्यक्त किया। तो जिलाधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें पुलिस से परेशान होने की जरूरत नही है। अगर वे नही चाहते तो कोई पुलिस वाला उनके पास नही जायेगा। वे कहीं भी आने-जाने के लिए स्वतंत्र हैं। न तो उनकी रोक-टोक की जायेगी और न ही उनकी जासूसी कराई जायेगी।
पुष्पेंद्र ने सत्ता पक्ष पर धमकाने का आरोप लगाया
बैठक में भाजपा के पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर के सुपुत्र और दूसरी बार जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए पुष्पेंद्र सिंह सेंगर ने यह कहकर सनसनी फैला दी कि सत्ता पक्ष के लोग रोजाना उन्हें फोन करके उनके मन मुताबिक वोट डालने के लिए धमका रहे हैं। जिलाधिकारी ने फौरन इसमें हस्तक्षेप किया और कहा कि प्रशासन पूरी निष्पक्षता से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी सदस्य को धमकाना बर्दास्त नही किया जायेगा। उन्होंने पुष्पेंद्र से कहा कि वे अकेले में मिलकर धमकाने वाले का नाम उन्हें बता सकते हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने में प्रशासन संकोच नही करेगा।
सामने आने पर ही बनेगा परिचय पत्र
आज की बैठक से गोल हो जाने वाले सदस्यों के मददेनजर जिलाधिकारी रामगणेश ने साफ कहा कि प्रत्येक सदस्य का परिचय पत्र बनना है। जिसे दिखाकर वे मतदान में हिस्सा ले सकेंगे। परिचय पत्र में उनकी फोटो मुझे सत्यापित करनी है। जिसके लिए हर सदस्य को स्वयं मेरे सामने आना पड़ेगा। जो सदस्य मेरे सामने नही आयेगा उसका फोटो मेरे द्वारा सत्यापित किया जाना संभव नही होगा। सदस्य इस बात का ख्याल रखें।
नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री आज से ही शुरू कर दी गई है। 1 जनवरी तक बिक्री होगी और उसी दिन नामांकन पत्र भरे जायेगें। यह जानकारी बैठक की कार्रवाई का संचालन कर रहे जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम ने दी।

बैठक में कृष्णपाल सिंह महंत, पुष्पेंद्र सेंगर, रामकुमार गुप्ता, रविंद्र सिंह हरौली, पूनम, बृजेश प्रजापति, दीपराज गुर्जर प्रत्यक्ष और शीलू गौतम, देवेंद्र सिंह, सुदामा दीक्षित और अजहर बेग महिला जिला पंचायत सदस्यों के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित हुए। दूसरे लोगों की तो छोड़े सत्ता पक्ष के दिग्गज सदस्यों ने भी बैठक में आना गंवारा नही किया। जिनमें निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, इच्छाराजे, संध्या मौखरी को खास तौर पर नोटिस किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप सक्सेना, पांचों उपजिलाधिकारी और पांचों पुलिस क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे।






Leave a comment